रोडवेज की बस सेवाएं आज रहेंगी बाधित

रोडवेजदेहरादून। कार्यालय संवाददाता प्रदेश में आज उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों का संचालन बाधित रहेगा। रोडवेज कर्मचारियों की एक यूनियन ने गुरुवार 12 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा कर दी है।

यूनियन का दावा है कि हड़ताल में चार हजार कर्मचारी शामिल होंगे। इससे 50 फीसदी से अधिक बसों का संचालन ठप रहने की संभावना है। रोडवेज में लंबे समय से आउटसोर्स पर काम कर रहे कर्मचारियों को संविदा पर नियुक्त करने की मांग को लेकर रोडवेज कर्मचारी यूनियन आंदोलन कर रही है।

बुधवार को हुई रोडवेज प्रबंधन की बोर्ड बैठक में भी इस पर कोई समाधान नहीं हुआ। इसके बाद यूनियन ने आंदोलन की घोषणा कर दी। यूनियन के महामंत्री अशोक चौधरी का कहना है कार्यबहिष्कार कर हड़ताल का नोटिस पहले ही निगम प्रबंधन को दे दिया गया था।

उन्होंने कहा कि उनकी यूनियन से तीन हजार आउटसोर्स कर्मचारी और एक हजार स्थायी कर्मचारी जुड़े हैं। सभी हड़ताल में शामिल होंगे। कहा कि इस वजह से रोडवेज का 50 फीसदी से ज्यादा संचालन बाधित रहेगा।

 

LIVE TV