
रावण दहन और रैलियों के लिए जाना जाने वाला पटना का गांधी मैदान अब नई इबारत लिखने को तैयार है। दरअसल गांधी मैदान में 7 हजार 524 फीट का एक मेगा स्क्रीन लगेगा। इस स्क्रीन के लगने के बाद एक साथ 5 हजार लोग फिल्म देख सकेंगे। इस मेगास्क्रीन का उद्धाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार शाम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे।

आपको बता दें कि यह कुल 6 करोड़ 98 लाख की परियोजना है जिसके उद्धाटन के रोस्टर तैयार किया जाएगा। फिर डॉक्यूमेंट्री, फिल्म और खेलों का प्रसारण यहां किया जा सकेगा। यह फुल एचडी स्क्रीन पीवीसी की बनी हुई है जिसे 30 फीट की ऊंचाई पर लगाया जाएगा। इसी के साथ इसमें डॉल्वी डिजिटल साउंड सिस्टम होगा। रोजाना सूर्यास्त के बाद यहां फिल्मों का प्रसारण होगा। वहीं इस स्क्रीन के कंट्रोल के लिए एक कंट्रोलरूम बनकर तैयार है। यह कंट्रोल रूम गांधी मैदान के गेट संख्या 3 और 4 पर मौजूद है। जहां से इस स्क्रीन पर चलने वाले वीडियो को कंट्रोल किया जा सकेगा।





