
कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस वार्ता में प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। प्रियंका गांधी ने कहा, पूरे देश की जनता ने राम मंदिर के लिए चंदा दिया। ये लोगों की आस्था है और इस पर चोट की जा रही है। अयोध्या में दलितों की जमीनें हड़पी गईं। कुछ जमीनें कम दाम में खरीद कर ज्यादा दाम में बेची गईं।

प्रियंका गांधी ने कहा, राम मंदिर के आसपास की जितनी भी जमीनें हैं, उसकी लूट मची है। भाजपा के नेता, अधिकारी और ट्रस्ट के लोग इस लूट में शामिल हैं। वहां पर कितने हजार करोड़ का घोटाला किया गया है, नहीं मालूम। भगवान राम सत्य के पथ पर चले। उनके नाम पर भी भ्रष्टाचार किया जा रहा है और पूरे देश की आस्था पर चोट की जा रही है।
प्रियंका ने आगे कहा कि एक जमीन दो करोड़ में बेची गई। इसके बाद उसी जमीन को लेकर एफआईआर दर्ज हुई कि ये जमीन बेची ही नहीं जा सकती है। फिर यही जमीन 18 करोड़ में राम मंदिर ट्रस्ट को टिका दी गई। इन जमीनों की रजिस्ट्री और कामकाज तब हुआ दिखाया गया है जब कोर्ट के दफ्तर बंद हो जाते हैं। जिस जमीन पर एफआईआर है, उस जमीन की खरीद बिक्री कैसे हुई? भाजपाई मेयर के भतीजे ने एक जमीन बीस लाख में खरीदी और ढाई करोड़ में ट्रस्ट को बेच दी। इस तरह राम मंदिर के नाम पर मिले चंदे की चोरी की गई।