नहीं रहे उत्तराखण्ड के पहले राज्यपाल सुरजीत सिंह बरनाला

राज्यपाल सुरजीत सिंह बरनालाचंडीगढ़। उत्तराखंड के पहले राज्यपाल सुरजीत सिंह बरनाला का शनिवार को निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे। 1985-1987 के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके बरनाला को अस्वस्थ होने पर हाल ही में चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल रिसर्च में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। साल 2001 और 2011 के बीच बरनाला तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश तथा उत्तराखंड के राज्यपाल रहे।

राज्यपाल सुरजीत सिंह बरनाला का उत्तराखंड से अटूट नाता रहेगा..

सुरजीत सिंह बरनाला का उत्तराखंड से अटूट नाता रहेगा। राज्यपाल के रूप में भी और एक शांत प्रेमी के रूप में भी। खुद राज्यपाल रहते एक कार्यक्रम में मसूरी आए राज्यपाल ने इस बात का खुलासा किया था कि मसूरी में ही उन्हें पहली बार प्यार हुआ और एक अलग दुनिया का एहसास हुआ था।

दरअसल सुरजीत सिंह बरनाला 60 के दशक में उस समय अक्सर मसूरी आया करते थे। उन्हें पहाड़ों से और वहां के मौसम से काफी लगाव था। मसूरी के कैमल बैक रोड में एक दिन वह पैदल ही टहल रहे थे कि उनकी मुलाकात एक खूबसूरत सी लड़की से हुई।

उस लड़की को बार-बार देखने के लिए वह कई दफे कैमल बैक रोड के उस होटल के आसपास मंडराए, जहां वो अपने परिवार के साथ ठहरी हुई थी। आखिरकार बड़ी हिचक के साथ किसी बहाने से बातचीत शुरू हुई। दोनों की जान पहचान गहरी हुई तो शुरूआती मित्रता प्यार में बदल गई। वह कई पर्यटक स्थलों में साथ-साथ घूमे। बाद में इस प्यार को मुकाम मिला और सुरजीत सिंह की उनसे शादी हो गई। इस वाकये को सुरजीत सिंह बरनाला ने मसूरी टाउन हॉल में आयोजित एक सार्वजनिक समारोह में खुद बयां किया था।

LIVE TV