
हैदराबाद| पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के बेटे पी.वी.राजेश्वर राव का यहां सोमवार को निधन हो गया। वह 68 वर्ष के थे। उनके परिजनों ने कहा कि राजेश्वर राव ने यशोदा अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार थे।
राजेश्वर राव का निधन
नरसिम्हा राव के मंझले बेटे राजेश्वर सन् 1991 में आंध्र प्रदेश में कांग्रेस के महासचिव बने। उस वक्त उनके पिता प्रधानमंत्री थे।
उस्मानिया यूनिवर्सिटी से कानून में स्नातक राजेश्वर 1996 में सिकंदराबाद सीट से सांसद चुने गए, लेकिन 1998 में वह लोकसभा चुनाव हार गए।
राजेश्वर राव प्लेबैक सिंगर बनना चाहते थे। उन्होंने ऑल इंडिया रेडियो तथा टेलीविजन पर सुगम संगीत भी पेश किया।
कृषि तथा व्यापार में भी उनकी रुचि थी। वह सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लेते थे।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव, केंद्रीय श्रम मंत्री बंडारू दत्तात्रेय, राज्य कांग्रेस प्रमुख उत्तम कुमार रेड्डी तथा अन्य नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है।