
रंगों का त्योहार होली साल 2020 में 10 मार्च को मनाया जायेगा। देशभर के लोग इस त्योहार को बड़े ही धूम धाम के साथ मनाते हैं। चैत्र कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा के दिन हर साल रंग वाली होली खेली जाती है। लेकिन होली से एक दिन पहले होता है होलिका दहन। जिस दिन को बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में मनाया जाता है। रंग वाली होली को देश के कुछ हिस्सों में धुलण्डी के नाम से भी जाना जाता है।
कैसे मनाते हैं होली: इस दिन लोग एक दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई देते हैं। पुराने गिले शिकवों को मिटाने के लिए ये दिन खास होता है। इस दिन लोग अपने घरों में तरह तरह के व्यंजन बनाते हैं। होली खेलने के बाद स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लिया जाता है। इस पर्व की खास रौनक भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा वृन्दावन में देखने को मिलती है। यहां की लट्ठमार होली विश्व प्रसिद्ध है। जिसे देखने के लिए दूर दूर से लोग यहां आते हैं।