
फिरोजाबाद जिले में बेकाबू हो रहे डेंगू और वायरल फीवर से लोगों में काफी दहशत है। लोग इन दिनों घरों को छोड़कर पलायन को मजबूर हैं। यहां लोग अपने बच्चों को दूसरे जिलों में रिश्तेदारों के घर छोड़ने जा रहे हैं। लगातार मौतों और प्रशासनिक लापरवाही के चलते सुहागनगरी के लोग बेबस नजर आ रहे हैं। आलम यह है कि स्वास्थ्य सेवाएं नाकाफी नजर आ रही हैं औऱ स्थिति बिगड़ रही है।

आपको बता दें कि बीते 3 हफ्तों में जिले के 79 मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं। इससे 60 से अधिक बच्चे भी शामिल है। हालांकि सरकारी आंकड़ा अभी भी 50 से कम का ही है। बच्चों की मौत से आहत सुहागनरी के लोग पलायन का मन बना रहे हैं। बच्चों को बीमारी से बचाने के लिए वह आगरा, मथुरा, एटा, मैनपुरी और अन्य जनपदों की ओर रुख कर रहे हैं। लोग पत्नी और बच्चों को ननिहाल या अन्य रिश्तेदारियों में भेज रहे हैं। फिरोजाबाद के देहात क्षेत्र जैसे नगला अमान, कपावली, दरिगपुर, सिरमई में घर-घर में चारपाई बिछी हुई है। दहशत में लोग बच्चों को यहां वहां भेज रहे हैं।

नगला अमान की तो गलियों में सन्नाटा सा पसरा हुआ है। चौपाल में इक्का-दुक्का लोग ही बैठे दिखाई दे रहे हैं। चारों और सन्नाटा है और घरों में बच्चों की किलकारियां नहीं दर्द भरी आंहे हैं। नन्ही सी जानों को सुईयां घायल कर रही हैं। हो रही मौतें लोगों को और भी दहशत में डाल रही हैं।
