
नई दिल्ली। भारतीय सीमा पर चीन ने एक बार फिर अपनी दादागिरी दिखाते हुए भारतीयों की सबसे पवित्र मानसरोवर यात्रा को बंद कर दिया है। चीन ने अपनी ओर से नाथुला दर्रे के रास्ते को बंद कर दिया है। चीन की इस हरकत को घंटों बीत गए हैं लेकिन अभी तक भारत के विदेश मंत्रालय का इस घटना पर कोई बयान नहीं आया है।
गौरतलब है कि भारत सिक्किम बार्डर पर चीन भारतीय सीमा में सड़क निर्माण कर रहा था जिस पर भारतीय सेना ने उसे रोक दिया था जिसके बाद से चीन ने अपना अड़ियल रुख बरकरार रखते हुए सिक्किम खंड में भारतीय सेना के दो बंकरों को नष्ट कर दिया था। वहीं खबर यह भी थी कि मानसरोवर यात्रा को लेकर दोनों देशों के बीच बातचीत का दौर जारी है। लेकिन चीन ने साफ कर दिया है कि जब तक भारत सिक्किम बॉर्डर से अपनी सेना नहीं हटाएगा तब तक वह इस मार्ग को नहीं खोलेगा।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक दोनों देशों के सैनिकों के बीच यह रस्साकशी सिक्किम के डोका ला जनरल एरिया में पिछले दो दस दिनों से चल रही है। जहां चीनी सैनिकों ने घुसपैठ कर दो भारतीय बंकरों को तबाह कर दिया था। इसके साथ ही चीन ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के जत्थे को भी रोक दिया है। वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीनी सैनिकों को रोकने के लिए भारतीय सैनिकों ने मानव श्रृंखला बनाई है।