Birthday Special: 35 के हुए कैप्टन कूल धोनी, परिवार संग करेंगे सेलिब्रेट

महेंद्र सिंह धोनीनई दिल्ली: भारत की वन-डे और टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट टीम के कप्तान ‘मिस्टर कूल’ महेंद्र सिंह धोनी आज 35 साल के हो गए हैं। महेंद्र सिंह धोनी अपने होम टाउन रांची में इस बार बेटी जीवा और परिवार संग समय बिताएंगे। वैसे पिछले साल भी महेंद्र सिंह धोनी 7 जुलाई को रांची में ही थे और पूरे दिन घर पर परिवार और कुछ फ्रेंड्स के साथ अपना बर्थडे सेलिब्रेट किया था।

कैप्टन कूल टीम इंडिया के अब तक के सबसे दमदार वनडे फिनिशर हैं। वनडे हो या टी20, उन्होंने कई बेमिसाल पारियां खेली हैं, जब टीम हार की कगार पर खड़ी रहती है तब भी धोनी अपनी दमदार पारी की वजह से टीम को जीत दिलाते हैं।

धोनी की ही कप्तानी में टीम ने वर्ष 2007 में पहला टी-20 इंटरनेशनल वर्ल्ड कप जीता, वह भी फाइनल में पाकिस्तान को हराकर। धोनी की कैप्टनशिप में टीम इंडिया साल 2009 में टेस्ट क्रिकेट में नंबर एक पायदान तक पहुंची।

धोनी ने ही वर्ष 2013 में चैम्पियन्स ट्रॉफी अपने भारत के नाम करवाने में अहम भूमिका निभाई। टीम की कमान उस समय भी धोनी के ही हाथ में थी, जब वर्ष 2011 में भारत ने 50 ओवरों वाले फॉरमैट का वर्ल्ड कप जीता और 28 साल से देखे जा रहे सपने को पूरा किया।

महेंद्र सिंह धोनी दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं, जिन्होंने अपनी टीम को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा आयोजित तीनों बड़े टूर्नामेंटों में खिताब दिलवाया।

 

महेंद्र सिंह धोनी से जुडी ख़ास बातें

एमएस धोनी दुनिया भर में सबसे ज़्यादा कमाई करने वाले क्रिकेटर रहे हैं। पिछले कुछ सालों से उनकी औसत आमदनी 150 से 190 करोड़ रुपये सालाना रही है।

आमदनी के मामले में एमएस धोनी झारखंड में सबसे ज़्यादा टैक्स अदा करने वाले शख़्स रहे हैं। भारत में सबसे ज़्यादा करदाताओं में उनका नाम शामिल है। वे हर साल 10 करोड़ रुपये से ज़्यादा कर देते हैं।

एमएस धोनी को बतौर क्रिकेटर पहली नौकरी भारतीय रेलवे में टिकट कलेक्टर के तौर पर मिली। इसके बाद वे एयर इंडिया की नौकरी करने लगे। इसके बाद वे एन श्रीनिवासन की कंपनी इंडिया सीमेंट्स में अधिकारी भी बने।

महेंद्र सिंह धोनी को कारों का भी बड़ा शौक है। उनके पास हमर जैसी कई महंगी कारें मौजूद हैं।

कारों के साथ ही महेंद्र सिंह धोनी मोटरबाइक्स के ख़ासे दीवाने हैं। उनके पास एक से बढ़कर एक करीब दो दर्जन महंगी मोटर बाइक मौजूद हैं।

महेंद्र सिंह धोनी 2011 में भारतीय सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल बनाए गए। धोनी कई बार ये कह चुके हैं कि भारतीय सेना में शामिल होना उनके बचपन का सपना था।

महेंद्र सिंह धोनी अपने बालों के स्टाइल के लिए भी मशहूर हैं। कभी लंबे बालों के लिए जाने जाने वाले धोनी समय समय पर हेयर स्टाइल बदलते रहे हैं।

इन खेलों के अलावा धोनी को मोटर रेसिंग से भी ख़ासा लगाव रहा है। उन्होंने मोटररेसिंग में माही रेसिंग टीम के नाम से एक टीम भी खरीदी हुई है।

महेंद्र सिंह धोनी का पहला प्यार फुटबॉल रहा है। वे अपने स्कूल की टीम में गोलकीपर थे। इंडियन सुपर लीग में वे उन्होंने चेन्यैन एफ़सी टीम के मालिक भी हैं।

LIVE TV