महिला जज की हत्या का शक उसके ही पति पर, मुकदमा दर्ज

महिला जजकानपुर। कानपुर देहात की महिला जज प्रतिभा गौतम की हत्‍या के आरोप में रविवार शाम को प्रतिभा के पति और ससुरालीजनों के खिलाफ कत्ल और दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। प्रतिभा के परिवारीजन भी उरई से शहर पहुंच गए। उन्होंने ससुरालीजनों पर गम्भीर आरोप लगाए हैं।

एसपी पूर्वी सोमेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्रतिभा के भाई की तहरीर के आधार पर मनु और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या, दहेज के लिए हत्या और षड्यंत्र की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

मालूम हो कि, महिला जज प्रतिभा गौतम की उनके घर सर्किट हाउस आफीसर्स कॉलोनी में हत्या कर दी गई। उनका शव पंखे पर लटकता मिला। हत्यारों ने दोनों हाथों की नसें काट दी थीं। प्रत्‍यक्षदश्रियों के मुताबिक शव देखकर ऐसा लग रहा था कि उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। डीआईजी और एसएसपी ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर पड़ताल की।जांच के दौरान एफएसएल टीम को भी बुलाया गया था।

मूलरूप से उरई की रहने वाली प्रतिभा (28) ने कानून की पढ़ाई दिल्ली में पूरी की थी। 17 अप्रैल 2015 में उन्होंने एडिश्नल सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कानपुर देहात का पद सम्भाला। वर्तमान में वह ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट द्वितीय के पद पर तैनात थीं। उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले वकील मनु अभिषेक से लव मैरिज की थी।

महिला जज के पति मनु के मुताबिक रविवार सुबह साढ़े छह बजे जब वह दिल्ली से ऑफीसर्स कॉलोनी स्थित घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। कुछ शंका होने पर उन्होंने गेट तोड़ा तो दूसरे कमरे में प्रतिभा का शव चुन्नी के सहारे पंखे से लटक रहा था।

मनु के अनुसार उन्होंने शव के पैर पकड़े तो वह नीचे आ गया। देखा तो प्रतिभा के हाथों की नसें कटी हुई थीं। कमरे में एक शराब की बोतल सोफे के पास रखी थी। मनु के मुताबिक वह चार बार कैंट थाने में सूचना देने के लिए गए। पुलिस से जल्दी सुनवाई के लिए गुहार लगाई पर सुनी नहीं गई। पास में रहने वाले दूसरे जज के यहां पहुंचकर मदद मांगी जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। मनु ने बताया कि प्रतिभा चार माह के गर्भ से थी।

सूचना मिलते ही डीआईजी नीलाब्जा चौधरी, एसएसपी शलभ माथुर समेत अन्य अधिकारी फॉरेन्सिक टीम के साथ पहुंच गए। नौकर के कमरे में बीयर की खाली बोतलें भी पुलिस को मिली हैं। एसएसपी ने अभिषेक और प्रतिभा के ससुर से पूछताछ की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

 

LIVE TV