नोटबंदी का कमाल, रातोरात अरबपति बन गई महिला

महिला के जनधन खातेमेरठ रातोरात महिला के जनधन खाते में 100 करोड़ रुपये आने से उसके होश उड़ गये। मामूली सी प्राइवेट नौकरी करने वाली महिला के रातोरात अरबपति बनने से उसका पति भी हक्का बक्का रह गया। पीड़ित महिला के पति ने इस बात की शिकायत संबधित बैंक के अधिकारियों से की। प्रधानमंत्री मोदी को भी ईमेल के जरिये इस बात की सूचना दी।

मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र के माधवपुर में रहने वाली शीतल का एसबीआई बैंक में एकाउंट है। उसने 2015 में शारदा रोड स्थित एसबीआई की शाखा में अपना खाता खुलवाया था।

शीतल के खाते में महज 600 रुपये ही थे। लेकिन 18 दिसंबर को जब शीतल ने एटीएम से अपना बैलेंस चेक किया तो उसकी आंखें खुली की खुली रह गईं। शीतल के खाते में 99 करोड़ 99 लाख 99 हजार 394 रुपये का बैलेंस था। छोटी मोटी नौकरी करने वाली शीतल का अपने खाते में इतने ज्यादा पैसे देखकर हाथ पांव फूल गये।

शीतल ने तत्काल अपने पति को घटना की जानकारी दी। महिला के पति ने फौरन इस बात की जानकारी संबंधित बैंक के अधिकारियों को दी।

बैंक के आला अधिकारी मामले की जांच पड़ताल में लग गये हैं। अधिकारियों का कहना है कि या तो यह किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ है या किसी ने जानबूझ कर शीतल के खाते में इतनी बड़ी धनराशि जमा की है।

अधिकारियों का कहना है कि 8 नवंबर के बाद से अक्सर ही किसी न किसी जनधन खाते में गड़बड़ी हो रही है जिसकी जांच चल रही है।

आयकर विभाग भी इस तरह के अघोषित राशि को दूसरों के खातों में जमा कराने वालों को चेतावनी दे चुका है साथ ही ऐसा करने वालों को बेनामी लेनदेन कानून के तहत आरोपित कर सजा दिला सकता है जिसमें अधिकतम सात साल की सजा हो सकती है।

LIVE TV