महाराष्ट्र : दिलीप वाल्से पाटिल होंगे महाराष्ट्र के नए गृह मंत्री

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से गृह मंत्री अनिल देशमुख का इस्तीफा स्वीकार करने तथा उनके स्थान पर दिलीप वाल्से पाटिल को गृह विभाग का प्रभार सौंपने का अनुरोध किया है। ठाकरे ने कोश्यारी को शाम पत्र लिखकर इस आशय का अनुरोध किया। पत्र में पाटिल से श्रम विभाग का अतिरिक्त प्रभार हसन मुश्रीफ और राज्य के आबकारी विभाग का प्रभार उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री अजीत पवार को सौंपने का अनुरोध भी किया गया है। गौरतलब है कि उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के समीप विस्फोटक से लदी कार रखने के आरोपी सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन वाजे के मामले में पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह के तबादले की आंच में झुलसे महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया।

दिलीप वाल्से पाटिल वर्तमान सरकार में आबकारी एवं श्रम विभाग के मंत्री का पद संभाल रहे थे। वे साल 1990 में पहली बार कांग्रेस पार्टी से अम्बेगांव से बतौर विधायक चुने गए। जिसके बाद 1999 में उन्होंने एनसीपी का दामन थाम लिया। इसी साल उन्हें विलासराव देशमुख की कैबिनेट में मंत्रीपद भी हासिल हुआ। वहीं साल 2009 में उन्हें महाराष्ट्र विधानसभा का स्पीकर भी चुना गया था।

LIVE TV