मजबूत होगा सुरक्षा तंत्र, चीन सीमा से लगी इस जगह पर बनेगा हेलीपैड

भारत-चीन सीमा पर सक्रियता बढ़ने के बाद भारत ने सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने की दिशा में काम शुरु कर दिया है। चीन की सीमा से लगे हुए बेदांग में ITBP हेलीपैड बनाने जा रही है। इस हेलीपैड के बनने के बाद जवानों को खाद्य सामग्री और अन्य चीजों की आपूर्ति आसानी से हो सकेगी।

आपको बता दें कि समुद्र तल से तकरीबन 15 हजार फीट की ऊंचाई पर भारत चीन की सीमा पर आईटीबीपी की अंतिम चौकी स्थित है। इससे पहले ही बेदांग नामक जगह पर हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा। वहीं हेलीपैड बनने के बाद ITBP समेत सभी भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को राहत मिल सकेगी। आपको बता दें कि अरुणाचल में भारत-चीन सीमा विवाद के बाद चीन ने सीमांत जिले पिथौरागढ़ से लगे क्षेत्रों में अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। वहीं चीन लगातार एचडी कैमरों से भारत की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं।

भारतीय जवान इस बीच 7-8 फीट की बर्फबारी में भी पूरी मुस्तैदी के साथ सीमा पर गस्त कर रहे हैं। वहीं सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्टस में बताया गया है कि 36वीं वाहिनी ITBP ने बेदांग में हेलीपैड बनाने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरु कर दी है। जिसके बाद जल्द ही यहां हेलीपैड का निर्माण कार्य फिर से शुरु हो जाएगा।

LIVE TV