बड़ी खबर: जबर्दस्‍त हंगामें ले बीच झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन के काफिले को जबरन रोका, रांची में माहौल गर्म

झारखंड की राजधानी रांची के किशोरगंज चौक पर आज राज्‍य के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन के कारकेड को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला हुआ है। कई वाहनों में तोड़फोड़ भी हुई है। बताया गया कि ओरमांझी में रविवार को मिले युवती के शव के विरोध में लोगाें ने किशोरगंज चौक पर आज विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। वहां से गुजर रहे सीएम के कारकेड को रोकने का प्रयास किया। सुरक्षा के मद्देनजर सीएम का काफिला रास्‍ता बदलकर रवाना हुआ। मौके पर बड़ी संख्‍या में पुलिस बल मौजूद है। रांची के एसएसपी, रांची के डीसी व अन्‍य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। गोंदा ट्रैफिक थानेदार रास्ता क्लियर कराने आगे गए थे। इस दौरान उनपर हमला हुआ है।

सीएम का काफिला हरमू रोड में किशोरगंज चौक के पहले ही भारत माता चौक के पास डायवर्ट कर बड़ा तालाब होते हुए मेन रोड, कचहरी चौक के रास्ते चला गया। आम जनता व पुलिस के वाहन को भीड़ ने निशाना बनाया और तोड़फोड़ की। गोंदा ट्रैफिक थानेदार नवल किशोर गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। उन्‍हें मेडिका अस्पताल ले जाया गया है।

बताया गया कि प्रोजेक्ट भवन से जब सोमवार की शाम मुख्यमंत्री अपने कारकेड के साथ अपने आवास के लिए निकले, तो किशोरगंज चौक के पास युवाओं के हुजूम ने उन्हें घेर लिया। इनमें महिलाओं की भी काफी तादाद थी। सीएम के वाहन के आगे चल रहे विशेष सुरक्षा सवारों के वाहन के साथ तोड़फोड़ की गई। बैरीकेड को तोड़ दिया गया। हालांकि सीएम सुरक्षित हैं। उन्हें दूसरे मार्ग से उनके आवास तक पहुंचाया गया।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सीएम के काफिले के आने के पहले से ही प्रदर्शनकारी एकजुट होने लगे थे। जैसे ही सीएम का कारकेड वहां पहुंचा, प्रदर्शनकारी सड़क पर आ गए। वे ओरमांझी में हुई दुष्‍कर्म-हत्या की घटना को लेकर सीएम से बात करना चाहते थे। उनका कहना था कि हेमंत सोरेन के एक साल के कार्यकाल में दुष्‍कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस प्रशासन का तंत्र लचर अवस्‍था में है।

आप को बता दें कि रविवार को रांची जिले के ओरमांझी इलाके में एक युवती का सर कटा शव मिला था। उसके साथ दुष्‍कर्म की आशंका जताई गई है। युवती का सर अभी तक नहीं मिला है। उसके गुप्‍तांग को भी तहस-नहस कर दिया गया था। शरीर पर एक भी कपड़ा मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि आक्रोशित लोग आज इसी घटना के विरोध में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

LIVE TV