हमीरपुर। बुंदेलखंड में अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। हमीरपुर पुलिस ने मिली सूचना के आधार पर यहां छापा मारा। यहां एक दर्जन से अधिक बने और अधबने हथियार बरामद किए गए। इसके साथ ही पुलिस ने असलहा बनाने वाले तमाम उपकरणों को भी कब्जे में ले लिया है।
बुंदेलखंड में अवैध हथियार
पुलिस को अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री की जानकारी मुखबिर के जरिये मिली। पुलिस ने अचानक बताये गए स्थान मोहल्ला खालेपुरा पर दबिश दी। यहां अरविन्द नाम के युवक के घर से एक दर्जन के लगभग 12 बोर, 1 अध्धी 315 सहित कई अधबने असलहे बनाने के उपकरण बरामद किये गए।
आरोपी अरविन्द को पुलिस ने रंगेहाथों दबोच लिया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली टीम को इस सराहनीय कार्य के लिए नगद 2500 रुपये का इनाम भी दिया है।