बीच सड़क पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष को पीटने वाली बहनों ने कहा-फर्जी लिखवाया था छेड़खानी का मुकदमा, सिर्फ भड़ास निकालने के लिए की पिटाई

जालौन. बीच सड़क पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष की सरेआम पिटाई करने वाली बहने अपने बयान से पलट गयी हैं। दोनों ही बहनों ने जिलाध्यक्ष अनुज मिश्रा की पिटाई के पीछे भड़ास निकाले जाने की बात कही। इसी के साथ उन्होंने कहा कि छेड़खानी का जो भी आरोप उस दौरान लगाया गया था वह पूरी तरह से निराधार था।

आपको बता दें कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज मिश्रा को छेड़छाड़ का आरोप लगाकर पीटने वाली बहनों का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। जिसके बाद पार्टी ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन भी किया था। हालांकि जिलाध्यक्ष को पीटने वाली बहनों ने छेड़खानी की बात से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष पितातुल्य हैं। वह पार्टी से बाहर निकाले जाने से काफी परेशान थी जिसके चलते उनमें नाराजगी थी। जिसके चलते आक्रोश में यह सब किया गया।

क्या था प्रकरण
1 नवंबर को दो सगी बहनों द्वारा शहर कोतवाली क्षेत्र में स्टेशन रोड के पास कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज मिश्रा की चप्पलों से पिटाई का मामला सामने आया था। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद दोनों बहनों ने बताया था कि जिलाध्यक्ष उन्हें तकरीबन एक माह से परेशान कर रहे थे। मोबाईल पर अश्लील मैसेज भेज रहे थे। बहनों का आरोप था कि कई बार टोकने के बाद भी वह बाज नहीं आ रहे थे जिसके चलते मजबूरन उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। मामले के सामने आने के बाद कांग्रेस की प्रदेश कमेटी द्वारा गठित जांच टीम उरई पहुंची थी और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किये गये थे।

LIVE TV