
REPORT—PUSHKAR NEGI
चमोली —चमोली जिले के ऊंचाई वाले गांवों में बार-बार हो रही बर्फवारी से जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। पहाड़ में आजकल जीवन भी पहाड़ के समान हो गया है। बर्फवारी के कारण लोगों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही है। बावजूद इसके पहाड़वासियों के हौसले भी चट्टान की तरह मजबूत दिख रहे है। यहां बार-बार हो रही बारिश ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों के सम्मुख विवाह समारोहों का आयोजन भी चुनौती बना हुआ है।
घाट ब्लॉक के लुंण्तरा गांव निवासी पूरण सिंह फरस्वाण के पुत्र चंदन की शादी का आयोजन बर्फवारी के बीच किया गया। क्षेत्र में रुकरुक कर हो रही बर्फवारी के बीच यहां विवाह के सभी आयोजन किये गये। जिसके बाद यहां पैदल मार्गों पर जीम बर्फ से होते हुए ग्रामीण पांच किमी की पैदल दूरी पार कर दुल्हन रवीना को लेने बिजार गांव पहुंचे। स्थानीय निवासी अर्जुन सिंह और ताजबर का कहना है कि जहां आयोजन को लेकर व्यवस्थाएं करना चुनौती भरा बना रहा। बावजूद इसके ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ विवाह समारोह को संपन्न करवाया। बताया कि बर्फवारी के बीच शादी का अनुभव भी आनंद देने वाला था।