
शादी के मौसम में एक वायरल वीडियो इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहा है। यह वीडियो पकड़ौआ शादी का है। वीडियो बिहार शरीफ के मानपुर थाना क्षेत्र के परोहा गांव का बताया जा रहा है। धनुकी गांव निवासी पीड़ित नीतीश कुमार का आरोप है कि बंदूक के बल पर उसे अगवा कर शादी करवा दी गई। पीड़ित ने पुलिस को प्राथमिकी भी दी है। उसका आरोप है कि विरोध करने पर रातभर उसे बंधक बनाकर मारपीट भी की गयी।

नीतीश ने बताया कि वह 11 नवंबर को छठ का प्रसाद देने के लिए बहन की ससुराल सरबहदी गांव गया था। वहां लौटने के दौरान परोहा गांव के पास कुछ लोगों ने उसे बंदूक दिखाकर अगवा कर लिया। इसके बाद जबरन उसकी शादी करवा दी गयी। वीडियो में साफतौर पर देखा जा सकता है कि कुछ लोग उसे धमकाते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल हो रहे अन्य वीडियो में लड़के को कुछ लोग जबरदस्ती खेत में खींचते ले जाते दिख रहे हैं। वहीं उसके पीछे-पीछे वह लड़की भी जा रही है जिससे उसकी जबरन शादी करवाई गई। मामले को लेकर थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई होगी।