फेमस तमिल एक्टर-कॉमेडियन विवेक का निधन, PM मोदी ने जताया शोक

लोकप्रिय तमिल एक्टर-कॉमेडियन विवेक का 59 साल की उम्र में यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। दिल का दौरा पड़ने के बाद एसआईएमएस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। अस्पताल के उपाध्यक्ष डॉ राजू शिवसामी के मुताबिक़ मशहूर कॉमेडियन विवेक का शनिवार को तड़के निधन हो गया। उन्हें शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती किया गया था और हालत बिगड़ने के बाद उन्हें ‘ईसीएमओ’ प्रणाली पर रखा गया था। विवेक को बृहस्पतिवार को कोविड-19 रोधी टीका दिया गया था। विवेक के निधन पर पीएम मोदी और एआर रहमान ने भी ट्वीट कर शोक जताया है।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘‘जानेमाने अभिनेता विवेक के असामयिक निधन ने बहुत सारे लोगों को सदमा पहुंचाया है. अपने हास्य व बुद्धिमत्तापूर्ण संवाद अदायगी से उन्होंने लोगों का मनोरंजन किया उनके जीवन व उनकी फिल्मों में पर्यावरण और समाज के लिए उनकी चिंता विदित है. उनके परिवार के सदस्यों, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।”

बता दें कि पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित विवेक ने रजनीकांत, विजय और अजित कुमार समेत कई बड़े तमिल अदाकारों के साथ काम किया था। वह कुछ फिल्मों में मुख्य कलाकार के तौर पर भी नजर आए और पर्यावरण के प्रति जागरुकता फैलाने में भी वह काफी सक्रिय थे।

LIVE TV