अधिकांश प्रौद्योगिकी स्टार्ट-अप बेंगलुरू में

प्रौद्योगिकी स्टार्ट-अपनई दिल्ली| भारत के सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र बेंगलुरू में प्रौद्योगिकी स्टार्ट-अप सर्वाधिक संख्या में हैं। इसके बाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और मुंबई में हैं। चेन्नई और हैदराबाद भी नए उद्यमियों के लिए काफी लोकप्रिय रहे हैं।

उद्योग चैंबर एसोचैम के एक अध्ययन में यह बात सामने आई है। थॉट आर्ब्रिटाज रिसर्च इंस्टीट्यूट के साथ मिलकर किए गए इस अध्ययन में पाया गया है कि प्रौद्योगिकी आधारित नए छोटे उद्यम के मामले में भारत अमेरिका और ब्रिटेन के बाद तीसरे स्थान पर है।

वर्ष 2015 के अंत तक अमेरिका में 47 हजार से अधिक प्रौद्योगिकी स्टार्ट-अप लगे और ब्रिटेन में यह संख्या 45 हजार से अधिक रही, वहीं भारत में यह संख्या लगभग 42 हजार रही।

एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज ऑफ इंडिया (एसोचैम) ने रविवार को एक बयान में कहा है कि कुल नए स्टार्ट-अप में प्रौद्योगिकी क्षेत्र और गैर प्रौद्योगिकी क्षेत्र दोनों को मिलाकर भी भारत चीन के साथ दुनिया के शीर्ष पांच देशों में शामिल है।

बयान में कहा गया है कि भारत और चीन दोनों स्टार्ट-अप में 10-10 हजार के साथ बराबर हैं, जबकि अमेरिका 83 हजार स्टार्ट-अप के साथ सूची में शीर्ष पर है।

भारत में बेंगलुरू में 26 प्रतिशत स्टार्ट-अप हैं, जबकि दिल्ली एनसीआर के हिस्से 23 प्रतिशत और मुंबई के हिस्से 17 प्रतिशत स्टार्ट-अप हैं।

इसी तरह हैदराबाद के हिस्से आठ प्रतिशत और चेन्नई एवं पुणे का छह-छह प्रतिशत स्टार्ट-अप पर कब्जा है।

LIVE TV