
रिपोर्ट – भुपेन्द्र बरमण्डलिया
झाबुआ। प्रदेश सरकार के खिलाफ किसानों के मुद्दे पर भाजपा का धरना प्रदर्शन आदिवासी झाबुआ जिले में महज खानापूर्ति बनकर रह गया। तय समय से काफी देर बाद मुट्ठी भर ही भाजपा कार्यकर्ता धरना स्थल पर इकट्ठा हो सके।
भाजपा की ओर से कलेक्टर कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामने ही ज्ञापन सौपे जाने की बात कही जा रही थी। टकराव की स्थिति से बचने के लिए प्रशासन की ओर से दोनों ही पार्टियों को अलग-अलग समय दिया गया था।
भाजपा को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्थानीय राजवाड़ा चौक पर धरने की अनुमति दी गई थी, लेकिन अनुमति का समय निकल जाने के बाद भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर में रैली निकाली और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। दरअसल, अयोध्या मामले के चलते जिले में धारा 144 लागू है।
बावजूद इसके भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनुमति के समय के बाद भी प्रदर्शन जारी रखा। साफ है भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा धारा 144 का उल्लंघन किया गया। यही नहीं भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बिजली बिल के शासकीय दस्तावेज भी कलेक्टर परिसर में जलाए गए। हांलाकि मामले को लेकर अभी तक कांग्रेस की ओर से कोई शिकायत नही की गई है। लिहाजा प्रशासन ने भी कोई कार्रवाई नही की है। वही पुलिस मामले में शिकायत के बाद ही कोई कार्रवाई की बात कह रही है।