पाक की ओर से गोली चली, तो हम गोलियों का हिसाब नहीं रखेंगे

पाकरांची। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पड़ोसी देश पाक आतंकवाद को खत्म करने में सकारात्मक भूमिका नहीं निभा रहा है। सिंह ने झारखंड के अपने दो दिवसीय दौरे के क्रम में रविवार को हरमू मैदान में हरियाली शपथ समारोह सह लोकतंत्र प्रहरी दिवस के अवसर पर देश से आतंकवाद को पूरी तरह खत्म करने का भरोसा भी दिलाया। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि हम पहली गोली नहीं चलाएंगे, लेकिन पड़ोसी देश की ओर से एक भी गोली चली तो हम अपनी गोलियों का हिसाब नहीं रखेंगे।

उन्होंने कहा कि हमें माओवाद और हिंसक ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लडऩे की जरुरत है। पड़ोसी मुल्क से आने वाले आतंकियों को रोकने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। हाल के दिनों में घुसपैठ में कमी आई है। इस दौरान उन्होंने जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान का जिक्र करते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है।

पाक को कड़ी चेतावनी

उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए युवाओं से लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लेने का अह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब देश में दूसरी बार ऐसी स्थिति न हो इसके लिए युवा तैयार रहें। सिंह ने कहा कि आज पर्यावरण को लेकर पूरा विश्व चिंतित है। मुख्यमंत्री दास का यह प्रयास काफी सराहनीय है। पौधारोपण केवल मानव, समाज, देश, विश्व ही नहीं वरन पूरी सृष्टि की सेवा है। पेड़ लगाकर ही हम पर्यावरण की रक्षा कर सकते हैं।

आपातकाल के समय को याद करते हुए कहा कि उस समय विरोधियों को यातनाएं देकर लोकतंत्र का गला घोंटा गया, लेकिन हमारे लोकतंत्र की जड़ें इतनी मजबूत हैं कि इसे कोई हिला नहीं सकता। लोकतंत्र हमारी रगों में है। लोकतंत्र की परिभाषा गढऩे के पूर्व से ही हमारे देश में लोकतंत्र चला आ रहा है।

सिंह ने जम्मू कश्मीर में शनिवार को आंतककारियों की गोली से शहीद हुए आठ जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि कोई भी ताकत हमें आतंकवाद को समाप्त करने से नहीं रोक सकती। जवानों के साहस, शौर्य और पराक्रम के कारण ही देश सुरक्षित है।

वहीं रक्षा मंत्री पर्रिकर ने भुवनेश्‍वर में पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें असली वजह का पता जांच के बाद ही चलेगा।’’ मंत्री ने पंपोर में सीआरपीएफ जवानों की हत्या को पाक आतंकवादियों की हताशा का नतीजा बताया। उनमें से कई आतंकवादियों को पिछले एक साल में भारतीय बलों ने मार गिराया है।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले एक साल में हमने पाकिस्तान के 25 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया है, जिसने हमारे देश में घुसपैठ की थी। यह हताशा का कृत्य है।’’ गौरतलब है कि शनिवार को जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकवादियों ने सीआरपीएफ कर्मियों को लेकर जा रही एक बस पर हमला किया था जिसमें आठ सीआरपीएफ जवानों की मौत हो गई थी जबकि 21 अन्य घायल हुए थे।

 

LIVE TV