पकड़ौआ विवाह: इलाज करने गए डॉक्टर को जबरन दिलवाए गए सात फेरे

बिहार के बेगूसराय में पकड़ौआ विवाह का मामला एक बार फिर से प्रकाश में आया है। यहां इस बार घर से इलाज करने के लिए निकला एक डॉक्टर अचानक गायब हो गया। परिजनों की ओर से की गई काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। हालांकि बाद में जानकारी हुई कि डाक्‍टर का अपहरण कर उसकी जबर्दस्‍ती शादी करवा दी गई है। आपको बात दें कि तेघड़ा थाना क्षेत्र की पिढौली वार्ड संख्या 9 के रहने वाले सुबोध कुमार झा के पुत्र सत्‍यम कुमार ग्रामीण पशु चिकित्‍सक है। 13 जून की दोपहर तक वे अविवाहित थे, लेकिन अब उनकी शादी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

परिजनों ने पुलिस से लगाई मदद की गुहार
इस प्रकरण को लेकर पीड़ित सत्‍यम के पिता ने पुलिस से शिकायत की है। इसी के साथ उन्होंने अपने बेटे को वापस लौटाने की गुहार लगाई है। आपको बता दें कि बिहार में लड़के की मर्जी के बिना उसका अपहरण कर जबर्दस्‍ती शादी कराने के प्रकरण पहले भी सामने आ चुके हैं। इस तरह के विवाह को पकड़ौआ विवाह कहा जाता है। सामने आए ताजा मामले में पुलिस को दिए आवेदन में बताया गया है कि कि उनके पुत्र ग्रामीण पशु चिकित्सक हैं। वह 13 जून की दोपहर घर से निकले थे। हालांकि काफी देर तक जब उनकी वापसी नहीं हुई तो खोजबीन की गई। इसके बाद तेघड़ा वार्ड एक स्थित हसनपुर निवासी विजय कुमार सिंह की पुत्री से जबरन उनकी शादी किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई।

ग्रामीण बता रहे प्रेम प्रसंग का मामला
पुलिस से हुई शिकायत के बाद मामले में तेघड़ा पुलिस ने हसनपुर स्थित विजय कुमार सिंह के घर दबिश दी। हालांकि लड़का और लड़की दोनों ही यहां से गायब मिले। इसके बाद पुलिस ने मौके से उनके भाई राजकुमार सिंह उर्फ फोनी को हिरासत में लिया है। वहीं स्थानीय लोग इसे प्रेम प्रसंग का मामला बता रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार गाय का इलाज करने के क्रम में विजय सिंह की लड़की मौसम के ग्रामीण पशु चिकित्सक को प्यार हो गया। इस बीच परिजनों ने मौसम की शादी की तैयारी कर ली। इसी को लेकर एक दिन पूर्व सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन भी हुआ था। हालांकि दूल्हे ने इस बाबत अपने घर में नहीं बताया।

LIVE TV