नोटबंदी के 3 विशिष्ट लाभ रहे : जेटली

नोटबंदीनई दिल्ली| केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को कहा कि केंद्र सरकार द्वारा नवंबर 2016 में उठाए गए नोटबंदी के कदम के तीन विशिष्ट लाभ रहे हैं। जेटली ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के मौके पर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा,”नोटबंदी से तीन प्रमुख लाभ हुए हैं।

पहला, डिजिटिलीकरण की तरफ रूझान बढ़ा है। करदाताओं की संख्या बढ़ी है और एक संदेश गया है कि अब नकदी में कारोबार करना आसान नहीं है।” उन्होंने कहा कि ये सभी कदम ‘ऑपरेशन क्लीन मनी’ के तहत उठाए गए।

जेटली ने कहा कि तीन सालों में भारत आर्थिक रूप से सबसे तेजी से विकास करने वाला देश बना। उनकी सरकार ने पुरानी अर्थव्यवस्था को बदलने की कोशिश की और गरीबों के विकास के लिए कई कड़े फैसले किए। इसका असर जीएसटी लागू होने के बाद दिखेगा।

वित्तमंत्री ने कहा, इन तीन सालों में उनकी सरकार की कोशिश रही कि विश्व मानचित्र पर भारत की छवि एक भ्रष्टाचार से मुक्त देश की बनाई जाए। इस दिशा में नोटबंदी ने बड़ा योगदान दिया। देश की छवि बदलने का असर यह हुआ कि भारत में विदेशी निवेश बढ़ा और दुनिया में भारत की साख मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि नोटबंदी की वजह से देश में आयकर देने वालों का दायरा बढ़ा है। इसका देश की अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक असर हुआ है। जीएसटी केंद्र सरकार का एक बड़ा कदम है जिसके लागू होने का बड़ा फायदा हमारी अर्थव्यवस्था को मिलेगा।

LIVE TV