प्रेस कांफ्रेंस के बीच से ही आप विधायक को उठाकर ले गई ‘मोदी की पुलिस’

दिनेश मोहनियानई दिल्‍ली। आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश मोहनिया को आज दिल्‍ली पुलिस प्रेस कांफ्रेंस के बीच से ही उठाकर अपने साथ ले गई। दिनेश मोहनिया संगम विहार से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। दिल्ली के संगम विहार से आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश मोहनिया पर नया आरोप लगा है। इस बार एक बुजुर्ग ने थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है।

दिनेश मोहनिया गिरफ्तार

दरअसल जिस समय दिनेश मोहनिया अपने ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, दिल्ली पुलिस के अधिकारी वहां आए और उन्हें जबरन खींचते हुए अपने साथ ले गए। मौके पर मीडिया के कैमरे थे और अफरातफरी की स्थिति मच गई थी। पुलिस मौके पर पूरी तैयारी के साथ आई थी। पुलिस अधिकारियों ने कोई भी बयान नहीं दिया। विधायक यही कहते रहे कि पुलिस यह ज्यादती कर रही है। उन्हें गिरफ्तारी या थाने में पेश होने का कोई नोटिस आदि नहीं दिया गया था।

इस पूरे मामले पर दिल्‍ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की और इसकी तुलना आपातकाल से कर दी। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि मोदी ने इमरजेंसी लगा दी है। जिन लोगों को दिल्ली ने चुना है उन्हें डराया जा रहा है, पकड़ा जा रहा है और झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। इसके साथ ही केजरीवाल ने यह भी ट्वीट किया है कि आखिर मोदी क्या बताना चाहते हैं ? केजरीवाल ने फिर कहा कि दिल्‍ली पुलिस केंद्र सरकार के इशारों पर ये काम कर रही है।

कुछ दिन पहले भी दिनेश मोहनिया पर संगम विहार में महिलाओं से बदसलूकी का आरोप लगा था। आरोप है कि इनके समर्थकों ने पानी की किल्लत की शिकायत लेकर उनके दफ्तर पहुंची महिलाओं को धक्का देकर कार्यालय से बाहर निकाल दिया। इसके बाद मोहनिया के खिलाफ इन महिलाओं ने केस दर्ज कराया। वहीं आज तुगलकाबाद के बुजुर्ग राकेश का आरोप है कि जब वो दिनेश मोहनिया को नहीं पहचान पाए। पानी की संकट के बारे में बात की तो आप विधायक ने उन्हें थप्पड़ मारा।

दोनों ही मामले में मोहनिया के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज है। दिनेश मोहनिया दिल्ली के संगम विहार से विधायक तो हैं ही, दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष भी हैं।

LIVE TV