… जब एक दिन के लिए तिहाड़ जेल भेजे गये थे कल्याण सिंह

बाबरी विध्वंस मामले को लेकर कोर्ट ने बुधवार 30-09-2020 को अपना फैसला सुना दिया है। कोर्ट ने मामले में सभी को बरी कर दिया है। इसी के साथ कहा कि घटना पूर्व नियोजित नहीं थी और अचानक ही घटित हुई थी। हालांकि आपको बता दें कि बाबरी विध्वंस के बाद तत्तकालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को एक दिन के लिए तिहाड़ जेल जाना पड़ गया था।

दरअसल कल्याण सिंह ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर कहा था कि बाबरी ढ़ांचे को कई नुकसान नहीं होने देंगे। बावजूद इसके 6 दिसंबर 1992 को कारसेवकों ने ढांचा गिरा दिया। इसके बाद इस मसले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में कल्याण सिंह के खिलाफ भी अर्जी दाखिल की गयी। यह अवमानना की अर्जी मोहम्मद असलम नाम के युवक की ओर से दाखिल की गयी थी। जिस पर कोर्ट ने सुनवाई के दौरान 24 अक्टूबर 1994 को फैसला दिया था। कोर्ट ने कहा था कि, अदालत की अवमानना ने देश के धर्मनिरपेक्ष तानेबाने को प्रभावित किया है। इसलिए मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को सांकेतिक तौर पर एक दिन के लिए जेल भेजा जा रहा है। इसी के साथ 20,000 रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है।

कोर्ट के इस फैसले के बाद आखिरकार कल्याण सिंह को एक दिन के लिए तिहाड़ जेल जाना पड़ा था। इसके लिए अधिकारी यूपी भवन पहुंचे जहां से कल्याण सिंह को तिहाड़ जेल ले जाया गया। इसके बाद कल्याण सिंह को एक दिन के लिए जेल में रखा गया। यह कल्याण सिंह के लिए सांकेतिक सजा थी।

LIVE TV