बच्चों को बेहद पसंद आएगी चॉकलेट डिप कुकीज

चॉकलेट डिप कुकीज बच्चों को अगर खुश करना हो तो आप इस रेसिपी को बनाकर कर सकती हैं. यह चॉकलेट डिप कुकीज बच्चों को बेहद पसंद आएगी। त्यौहार हो या बर्थडे पार्टी आप इन कुकीज को बच्चों को खाने के लिए दे सकती हैं। इन कुकीज को आप एक महीने तक खा सकते हैं.

सामग्री

मैदा – 200 ग्राम

मक्खन – 150 ग्राम

चीनी – 100 ग्राम

नमक – एक चौथाई चम्मच

चॉकलेट- एक कप

चॉकलेट डिप कुकीज बनाने की विधि

सबसे पहले किसी बर्तन में मक्खन को पिघला लीजिए, चीनी डालिये और फेंट कर मक्खन चीनी को अच्छी तरह मिला लीजिए।

मक्खन चीनी के मिश्रण में मैदा और नमक डालिए और हाथ से अच्छी तरह मिला लीजिए, मिश्रण को ढककर आधा घंटे के लिये रख दीजिए।

आधा घंटे बाद मिश्रण से थोड़ा मिश्रण उठाइए और उसे गोल कीजिए।

उसके बाद हाथ से थोड़ा दबा कर चपटा कीजिए और किसी तेल लगी ट्रे या थाली में रखिए, सारे मिश्रण से गोले बनाकर आधा इंच की दूरी छोड़ते हुए ट्रे में लगा दीजिए।

अब इन सारी कुकीज पर फोर्क से दबा कर डिजायन बनाइए।

ओवन को पहले से 200 सेग्रे. पर गरम कीजिए, कुकीज की ट्रे ओवन में रखिए और ओवन को 180 सेग्रे. तापमान पर सैट करके 10 मिनट के लिए कुकीज को बेक होने लगा दीजिए। 10 मिनट बाद कुकीज चैक कीजिए और फिर से ओवन को इसी तापमान पर 5 मिनट के लिए सैट करके कुकीज को बेक कीजिए। इतने समय में कुकीज अच्छी तरह बेक हो जाती है, अगर आपको कुकीज अभी अच्छी बेक न दिखे तो आप फिर से 160 सेगे.पर 5 मिनट के लिए कुकीज बेक कर सकते हैं। कुकीज को ओवन से निकाल कर ठंडा होने के लिए रख दीजिए।

किसी बड़े बर्तन में आधा बर्तन पानी भरकर, गरम करने के लिए रखिए। चॉकलेट के लिए कोई ऐसा बर्तन लीजिए जो इस पानी भरे बर्तन के अन्दर रखा जा सके, इस बर्तन में चॉकलेट डालिए और बर्तन को गरम पानी में रख दीजिए, 10-15 मिनिट में चौकलेट पिघलने लगती है, सारी चॉकलेट पिघलने तक इसे गरम होने दीजिए।

पिघली चॉकलेट के बर्तन को कुकीज के पास रखिए, एक कुकीज हाथ से उठाइए और आधा डुबने तक चॉकलेट में डुबाइए।

चॉकलेट में डिप की गई कुकीज को किसी दूसरी प्लेट में रखिए, सारी कुकीज को एक एक करके इसी तरह चॉकलेट में डिप करके दूसरी प्लेट में रख लीजिए। जब चॉकलेट की परत ठंडी हो जाए तब कुकीज खाने के लिए तैयार है।

LIVE TV