चुनाव लड़ने का मन नहीं लेकिन नेता जी का आदेश मानना है : शिवपाल यादव

चुनाव लड़नेलखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक है ऐसे मे सभी राजनीतिक पार्टियों ने चुनाव प्रचार करना शुरू कर दिया है। समाजवादी पार्टी में भी चल रहा गृह युद्ध अब खत्म हो गया है। सीएम अखिलेश ने चाचा शिवपाल से गिले शिकवे दूर करते हुए उन्हें इटावा के जसवंतनगर से चुनाव लड़ने के लिए टिकट दे दिया है। शिवपाल भी सपा के प्रचार में उतरने के लिए तैयार हो गए हैं।

शिवपाल यादव ने कहा कि धर्मयुद्ध में मेरी जीत सुनिश्चित है। नेताजी मेरे साथ हैं। उनका आदेश है इसलिए चुनाव मैदान में उतरा हूं। इस माहौल में चुनाव लड़ने का मन तो नहीं करता है पर नेताजी के आदेश का पालन तो करना ही है।

चुनाव अभियान के दूसरे दिन शुक्रवार को जसवंतनगर के ताखा में एसएस मेमोरियल कॉलेज में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को शिवपाल ने सम्बोधित किया। कभी इसी कॉलेज में शिवपाल से मिलने के लिए हजारों लोग उमड़ा करते थे। लेकिन शुक्रवार को नजारा बिल्कुल उलटा था। न वैसी भीड़ और न ही वैसा तामझाम।

शिवपाल ने कहा कि कुछ लोग पैसे में और ताकत में ज्यादा मजबूत हैं। इसके बावजूद हम गलत कामों का विरोध करते रहेंगे शिवपाल ने कहा कि हमारे बीच में तमाम भीतरघाती हैं। हम सबको इन पर भी नजर रखनी है। चुनावों में हमें जीत हासिल करने के लिये कड़ी मेहनत करनी है। सपा की सरकार बनानी है।

LIVE TV