चंपारण सत्याग्रह के 100 वर्ष पूरे, राष्ट्रपति स्वतंत्रता सेनानियों को करेंगे सम्मानित

चंपारण सत्याग्रहपटना| पूरे देश से स्वतंत्रता सेनानी बड़ी संख्या में रविवार को बिहार की राजधानी पहुंच रहे हैं। चंपारण सत्याग्रह के सौ साल पूरे होने पर राज्य में मनाए जा रहे सालाना उत्सव में सोमवार को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी इन स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करेंगे।

चंपारण सत्याग्रह के 100 वर्ष पूरे

राज्य शिक्षा विभाग के अधिकारी विनोदानंद झा ने बताया, “देश के विभिन्न राज्यों से सैकड़ों की संख्या में स्वतंत्रता सेनानी पटना पहुंच रहे हैं। महात्मा गांधी के चंपारण सत्याग्रह के सौ वर्ष पूरे होने के मौके पर हो रहे समारोहों के तहत राष्ट्रपति 17 अप्रैल को इन स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करेंगे।”

झा ने कहा कि कुल मिलाकर 2972 स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें से 19 राज्यों के 264 और बिहार के 2708 में से चुने गए 554 स्वतंत्रता सेनानियों को राष्ट्रपति सम्मानित करेंगे।

महात्मा गांधी ने चंपारण जिले में अंग्रेज शासकों द्वारा नील की खेती के लिए किसानों को बाध्य करने के खिलाफ 10 अप्रैल 1917 को सत्याग्रह की शुरुआत की थी। इसके सौ साल पूरे होने पर बिहार में बीते सप्ताह से समारोहों की शुरुआत हुई।

LIVE TV