घाघरा नदी के उफान से तटवर्ती गांवों में बाढ़ का संकट बरकरार….

घाघरा नदी का जलस्तर कम नहीं हो रहा है। महसी तहसील समेत अन्य तहसीलों के 55 गांव अब भी बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। बाढ़ का दायरा दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। एल्गिन ब्रिज पर घाघरा खतरे के निशान 106.07 के सापेक्ष 107.116 मीटर बह रही है, जो 1.05 मीटर ऊपर है।

घाघरा नदी के उफान से तटवर्ती गांवों में बाढ़ का संकट बरकरार है। जैसे-तैसे लोग बाढ़ के पानी से खुद का बचाव कर रहे हैं। अभी कई गांवों तक प्रशासन की ओर से मदद नहीं पहुंचाई जा सकी है। नाव की मुकम्मल व्यवस्था न होने से जान जोखिम में डालकर ग्रामीण रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा कर रहे हैं। महसी तहसील के 40, कैसरगंज व मिहींपुरवा के 15 गांव बाढ़ के चपेट में है। एक दर्जन संपर्क मार्ग बाढ़ के पानी से अवरुद्ध हैं। घूरदेवी स्पर पर लाल निशान 112.150 मीटर के सापेक्ष घाघरा का जलस्तर 112.400 मीटर रिकॉर्ड किया गया। यहां घाघरा लाल निशान से 25 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। एसडीएम महसी एसएन त्रिपाठी ने बताया कि राहत व बचाव कार्य किए जा रहे हैं।

————

बैराजों से छोड़ा गया 341914 क्यूसेक पानी

– सरयू ड्रेनेज खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता शोभित कुशवाहा ने बताया कि सोमवार को शारदा बैराज से 160996, गिरजापुरी बैराज से 172973 व सरयू बैराज से 7945 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।

———–

यह गांव हैं बाढ़ के चपेट में

-महसी तहसील के गोलागंज, कायमपुर, जर्मापुर, सिलौटा, तारापुरवा, प्रह्लादपुरवा, नागेश्वरपुरवा, छतरपुरवा, मथुरापुरवा, चुन्नीलालपुरवा, परेड टेपरा, भौंरी, चरीगाह, पचदेवरी, मांझा दरियाबुर्द, बरुआ बेहड़, गलकारा, टिल्लूपुरवा, बौंडी समेत 40 गांव बाढ़ में डूबे हैं। ————

513 प्रभावितों को मिली खाद्यान्न किट

– बाढ़ राहत चौकी शारदासिंह पुरवा में सोमवार को तहसीलदार महसी राजेश कुमार वर्मा ने टिल्लूपुरवा के 41, हलकारनपुरवा 26, जोगापुरवा के 256, सरसठ बेटोरा के 274 को खाद्यान्न किट वितरित की।

—————–

बाढ़ पीड़ितों के दर्द से रूबरू हुईं विधायक

मिहींपुरवा : बलहा विधायक सरोज सोनकर सुजौली थाना क्षेत्र के चहलवा, दूधनाथपुरवा, बंगालीपुरवा समेत बाढ़ प्रभावित कई गांवों का दौरा किया। बाढ़ प्रभावित किसानों व ग्रामीणों से मिली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से वे बाढ़ की समस्याओं से अवगत कराएंगी। आलोक जिदल, राजेश गुप्त मौजूद रहे।

LIVE TV