
भारत पाकिस्तान सीमा पर तैनात जवानों ने एक बार फिर से मानवता का परिचय दिया है। जवानों ने एक नाबालिग को पाकिस्तान को सौंप दिया है। रिपोर्टस के मुताबिक राजस्थान के बाड़मेर में आठ साल का एक पाकिस्तानी बच्चा अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारत आ गया था। जिसके बाद सीमा पर निगरानी कर रहे बीएसएफ के जवानों ने उसे तुरंत पाकिस्तान को वापस दे दिया।

बीएसएफ गुजरात फ्रंटियर में डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल एमएल गर्ग ने कहा कि शुक्रवार को शाम को लगभग 5.20 बजे एक बच्चा अनजाने में सीमा पार कर बीएसएफ की 83वीं बटालियन के BoP सोमरत के बॉर्डर पिलर नंबर 888/2-s के पास भारतीय सीमा में घुस आया था। जवानों ने जब उसे पकड़ तो वह सहम गया औऱ रोने लगा। जिसके बाद जवानों ने उसे चॉकलेट बिस्कुट देकर शांत करवाया। नाम-पता पूछने पर बच्चे ने पिता का नाम यमून खान और अपना नाम करीम बताया। इसी के साथ जानकारी दी की वह नगर पारकर का रहने वाला है। घर का रास्ता भटककर वह यहां पहुंच गया है।
बच्चा मिलने के बाद भारतीय सैन्य बल के अधिकारियों ने पाक रेंजरों के साथ फ्लैग मीटिंग की और नाबालिग के पार होने की जानकारी दी। इसके बाद तकरीबन 7.15 बजे बच्चे को वापस पाकिस्तानी रेंजर्स को सौंप दिया गया। ज्ञात हो कि इससे पहले भी भारत ने दरियादिली की मिशाल पेश की है। हालांकि यह पहल पाकिस्तान की ओर से होती हुई दिखाई नहीं देती है। नवंबर 2020 में बाड़मेर के बिजराड़ थाना क्षेत्र का 19 वर्षीय युवक गेमाराम मेघवाल अनजाने में उस पार चला गया था। जिसके बाद पाकिस्तान ने उसे अभी तक भारत को नहीं सौंपा है।