गठबंधन को लेकर प्रियंका गांधी का बड़ा बयान, बोलीं- BJP के लिए रास्ते सदैव रहेंगे बंद, लेकिन…

उत्तर प्रदेश विधानसभा के पहले चरण के मतदान में अब कुछ हफ्ते ही शेष रह गए हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपनी चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। दूसरी तरफ नेताओं का आरोप प्रत्यारोप का भी दौर जारी है। इसी बीच कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला है। साथ ही गठबंधन के सवाल पर प्रियंका गांधी ने कहा, ये दरवाजा बीजेपी के लिए एक दम बंद है। लेकिन, बाकी पार्टियों के लिए खुला है। समाजवादी पार्टी और भाजपा एक हद तक एक ही बिसात पर खेल रहे हैं क्योंकि दोनों का फायदा उसी तरह की राजनीति से हो रहा है।

एएनआई न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मुझे सरकार की मंशा समझ नहीं आती। इतने सालों बाद अब ये अमर जवान ज्योति को बुझाकर कहीं और ले जाकर करना क्या चाहते हैं? हमारी इतने सालों की परंपरा है कि वो ज्योति कभी नहीं बुझेगी उसका तो सम्मान करना चाहिए।

इसी के साथ ही प्रियंका ने कहा कि, हम किसी भी तरह की चर्चा के लिए तैयार थे लेकिन ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई और हम अकेले चुनाव लड़ रहे हैं। एक तरह से ये हमारी पार्टी के लिए अच्छा है। हमने काफी समय से उत्तर प्रदेश मे बहुत ज़्यादा सीटों से चुनाव नहीं लड़ा है। जब एक पार्टी 400 सीटों में से सिर्फ 100 या 200 सीटों पर चुनाव लड़ती है तो ये बात साफ है कि पार्टी जिन सीटों पर चुनाव नहीं लड़ती है उन सीटों पर वो कमजोर होती जाती है। हमारी पार्टी के लिए अकेले चुनाव लड़ना और अपनी पार्टी को सशक्त बनाना बहुत जरूरी था।

LIVE TV