‘गंगा को किया मैला तो भेज दूंगी जेल’

गंगा को प्रदूषितदेहरादून। जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने कहा है कि अब गंगा को प्रदूषित करने पर कड़ा दंड दिया जाएगा। पर्यावरण मंत्रालय ने उनके मंत्रालय को यह अधिकार दिया है कि जो नदी में प्रदूषण फैलाएगा, उसको जेल भेजा जाएगा। उन्होंने देवप्रयाग में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का डिजायन बदलने के निर्देश दिए, ताकि इसका पानी गंगा में न जाए।

उमा भारती ने मंगलवार को गंगा तीर्थ नगरी देवप्रयाग से भाजपा की परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रदेश में शासन करने का कोई हक नहीं है। उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की सपा सरकार का समर्थन किया था।

इस बार जनता ऐसे परिवर्तन करे कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बने। उमा ने कहा कि अगले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का पिंडदान होना चाहिए। कांग्रेस उत्तराखंड के भोले-भाले लोगों को गुमराह करती आई है। नोटबंदी को लेकर मचे बवाल पर उन्होंने कहा कि नोटबंदी से काला धन समाप्त हो जाएगा। इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, पूर्व दर्जाधारी बृज भूषण गैरोला, यात्रा संयोजक विनोद सुयाल और महेंद्र भट्ट आदि मौजूद थे।

LIVE TV