
केंद्रीय स्वास्थय मंत्रालय ने गुरुवार को बताया है कि कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन ने भारत में दस्तक दे दी है। भारत में इसके दो मामलो की पुष्टी हुई है। ये मामले कर्नाटक में मिले हैं। जहां 66 साल के एक व्यक्ति और 46 साल के एक व्यक्ति में ओमिक्रोन का संक्रमण पाया गया है। संयुक्त सचिव अग्रवाल ने कहा कि कोरोना के ओमीक्रोन वेरिएंट के अभी तक कोई गंभीर लक्षण रिकॉर्ड नहीं किए गए हैं।बता दें कि 29 देशों में ओमिक्रोन के 373 मामले अब तक दर्ज़ किए गए हैं।

वहीं देश में ओमीक्रोन के मिलने के बाद लॉकडाउन लगाने पर पूछे गए सवाल पर नीति आयोग के सदस्य(स्वास्थ्य) डॉ वी.के. पॉल ने कहा कि अभी इसकी ज़रूरत नहीं है। जो नई चुनौती है, उसका हम मुकाबला करेंगे और इसके लिए हमारे पास सभी चीज़ें उपलब्ध है। हमें डरना नहीं है। लोगों की ज़िम्मेदारी हैं कि वे मास्क पहने। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में अभी ओमिक्रोन की विशेषताएं, प्रभाव यह सब समझा जा रहा है। वैक्सीन के बूस्टर डोज़ के लिए अध्ययन किया जा रहा है। जैसे-जैसे जो स्थिति सामने आएगी उसके आधार पर आगे फैसले लिए जाएंगे।