कॉमनवेल्थ गेम्स : महिला हॉकी टीम का ऐलान, गोलकीपर सविता की वापसी

 

नई दिल्ली। हॉकी इंडिया (एचआई) ने बुधवार को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में दिग्गज गोलकीपर सविता की वापसी हुई है। उन्हें उप-कप्तान का कार्यभार सौंपा गया है। एचआई की ओर से जारी इस 18 सदस्यीय टीम की कमान रानी रामपाल के हाथों में हैं। उनके नेतृत्व में ही टीम ने दक्षिण कोरिया दौरे पर खेली गई पांच मैचों की सीरीज को 3-1 से जीती थी।

महिला हॉकी टीमआस्ट्रेलिया में चार अप्रैल से शुरू हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत को पूल-ए में मलेशिया, वेल्स, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ शामिल किया गया है।

भारतीय टीम का पहला मुकाबला पांच अप्रैल को वेल्स से होगा।

सविता को कोरिया दौरे के लिए आराम दिया गया था। उन्होंने अब टीम में वापसी कर ली है। उनके साथ राजानी एतिमार्पु गोलकीपर की जिम्मेदारी साझा करेंगी।

यह भी पढ़ें :- IPL 2018 : पंजाब पर वीरू ने खेला ‘जुआ’, अभी ही कर दी भविष्यवाणी

भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह को विश्वास है कि उनकी टीम राष्ट्रमंडल खेलों में कोरियाई दौरे की तरह ही प्रदर्शन करेगी।

हरेंद्र ने कहा, “टीम ने कोरिया दौरे पर अच्छा प्रदर्शन किया और उच्च स्तरीय टीम को मात दी। राष्ट्रमंडल खेलों में भी यह टीम उलटफेर करेगी। इसका लक्ष्य पोडियम हासिल करना है।”

भारतीय महिला टीम ने 2002 में इंग्लैंड में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने फाइनल में मेजबान देश को 3-2 से मात दी थी।

इसके बाद, 2006 में आस्ट्रेलिया से फाइनल में मिली हार के कारण भारत को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। 2010 और 2014 में टीम पांचवां स्थान ही हासिल कर पाई थी।

कप्तान रानी को आशा है कि उनकी टीम 2002 और 2006 की पदक जीत को फिर से दोहराएगी।

भारतीय महिला हॉकी टीम :

गोलकीपर : सविता (उप-कप्तान), राजानी एतामार्पु

डिफेंडर : दीपिका, सुनीता लाकड़ा, दीप ग्रेस एक्का, गुरजीत कौर, सुशीला चानु पुखरंबम

मिडफील्डर : मोनिका, नमिता टोप्पो, निक्की प्रधान, नेहा गोयल, लिलिमा मिंज

फारवर्ड : रानी (कप्तान), वंदना कटारिया, लालेरमसियामी, नवजोत कौर, नवनीत कौर और पूनम रानी।

LIVE TV