मोदी सरकार के विरोध में किसानों ने किया शवासन, हाई-वे किया जाम

किसानोंनई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर एक तरफ सारी दुनिया जहां योग कर रही है तो दूसरी तरफ कुछ लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यूपी में किसानों ने शवासन कर विरोध किया। किसानों ने बाराबंकी में फैजाबाद हाई-वे पर शवासन कर अपना नाराजगी जताई। सैकड़ों की तादाद में मौजूद किसानों ने हाई-वे पूरी तरह से जाम कर दिया। जिसके चलते मीलों लंबा जाम लग गया। सिर्फ छात्रों और एंबुलेंस को हाई-वे से गुजरने की इजाजत दी गई।

बाराबंकी के अलावा अलीगढ़-नोएडा राजकीय राजमार्ग पर किसानों ने विरोध जताया। तप्पल के पास भारतीय किसान यूनियन समेत बड़ी संख्या में किसान यहां पहुंचे और उन्होंने शवासन कर मोदी सरकार का विरोध किया। किसानों ने पूरा हाई-वे ब्लॉक कर दिया।

दरअसल, भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर ही ऐसा किया गया। यूनियन ने पहले ही इसकी चेतावनी दी थी। यूनियन का आरोप है कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों की वजह से किसान मरणावस्था में पहुंच गया है। किसान यूनियन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बाकायदा निंदा प्रस्ताव पास कर केंद्र सरकार को किसान विरोधी बताया गया था।

भारतीय किसान यूनियन ने देशभर के किसानों से शवासन कर योग दिवस को शोक दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया था। हरियाणा के किसानों ने 15 जिलों में हाई-वे पर योग करने की चेतावनी दी थी।

 

LIVE TV