खेल मंत्री ने श्रीकांत को सम्मानित किया, कहा- उनकी हालिया जीत ने देश का नाम ऊंचा किया

किदाम्बी श्रीकांतनई दिल्ली। लगातार दो सुपर सीरीज खिताब जीतने वाले भारत के पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत को केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल ने शनिवार को सम्मानित किया। गोयल ने साथ ही बैडमिंटन टीम के मुख्य कोच पुलेला गोपीचंद को भी सम्मानित किया है।

श्रीकांत ने हाल ही में इंडोनेशियन ओपन और आस्ट्रेलियन ओपन के खिताब जीते थे। वह लगातार दो सुपरसीरीज खिताब जीतने वाले भारत के पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं।

गोयल ने कहा, “श्रीकांत का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। उनकी हालिया जीत ने देश का नाम ऊंचा किया है। मैं उनसे मिलकर और उन्हें सम्मानित करके खुश हूं। वहीं गोपीचंद भी इस देश को लगातार अपने मार्गदर्शन से अच्छे खिलाड़ी देते रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “हम हर खेल के विकास को लेकर प्रतिबद्ध हैं। खेल मंत्रालय साई के साथ मिलकर खिलाड़ियों और स्टाफ को भरपूर सहयोग देगा।”

गोपीचंद ने इस मौके पर खेल मंत्री का शुक्रिया अदा किया।

उन्होंने कहा, “साई और खेल मंत्रालय ने हमेशा हमें सहयोग किया है और प्रधानंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार खेल को गंभीरता से ले रही है।”

LIVE TV