जानें किसान परिवार के बेटे का पीएम की कुर्सी तक का दिलचस्प सफर

18 मई 1933 को जन्में एच.डी. देवगौड़ा उस समय प्रधानमंत्री बने जब अटल बिहारी वाजपेयी को 13 दिन सरकार चलाने के बाद प्रधानमंत्री का पद त्यागना पड़ा था क्योंकि वह बहुमत साबित करने की स्थिति में नहीं थे। इस कारण एच.डी. देवगौड़ा को संयुक्त मोर्चा सरकार के नेता के रुप में प्रधानमंत्री की कुर्सी संभालनी पड़ी। उन्होंने 1 जून 1996 को शपथ ग्रहण की और लगभग 10 महीने तक प्रधानमंत्री पद पर रहे।

एच.डी. देवगौड़ा

कर्नाटक के हरदन हल्ली ग्राम के हासन ताकुमा में जन्में देवगौड़ा का परिवार कृषक था। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा करने के बाद मात्र 20 साल की उम्र में राजनीति मे प्रवेश कर लिया था। एच. डी. देवगौड़ा ने सर्वप्रथम 1953 में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली। वह 1962 तक कांग्रेस के सदस्य रहे। देवगौड़ा एक मध्यमवर्गीय परिवार की पृष्ठभूमि से राजनीति में आए थे, इस कारण वह किसानों के कठोर परिश्रम का मूल्य समझते थे। युवा देवागौड़ा ने ग़रीब किसानों और समाज के कमज़ोर वर्गों के उत्थान के लिए राजनीतिक आवाज़ बुलन्द की थी।

चुनाव नतीजों से पहले मोदी के खिलाफ महागठबंधन , चला विपक्षी खेमे में मंथन…

1962 तक कांग्रेस में सक्रिय कार्यकर्ता की भूमिका निभाने के बावजूद जब देवगौड़ा को उचित सम्मान प्राप्त नहीं हुआ तो कांग्रेस से इनका मोहभंग हो गया। ऐसे में वह 1962 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में स्वतंत्र प्रत्याशी के रूप में खड़े हो गए। देवगौड़ा विधानसभा चुनाव में निर्वाचित हुए। इस प्रकार उनके कार्यों को जनता की स्वीकृति प्राप्त हुई। इसके बाद भी देवगौड़ा अगले तीन चुनावों 1967, 1972 और 1977 में लगातार विधायक के रूप में चुने जाते रहे। लेकिन 1969 के पूर्व वह कांग्रेस पार्टी के पुन: सदस्य बन गए। ऐसा तब हुआ जब कांग्रेस पार्टी का विभाजन हुआ। उन्होंने इंदिरा गांधी की विरोधी कांग्रेस (ओ) को चुना था।

1975 में आपातकाल के दौरान देवगौड़ा को भी जेलयात्रा करनी पड़ी थी। वह 18 महीनों तक जेल में रहे। कर्नाटक विधानसभा में वह पुन: निर्वाचित हुए तथा दो बार राज्यमंत्री भी बने। लेकिन 1982 में इन्होंने कर्नाटक मंत्रिमंडल से इस्तीफ़ा दे दिया। अगले तीन वर्षों तक राजनीति में इनका सक्रिय योगदान नहीं रहा। लेकिन 1991 में देवगौड़ा हासन लोकसभा सीट से चुने गए और प्रथम बार संसद में पहुँचे। वह 1994 में जनता दल की राज्य इकाई के अध्यक्ष भी बने।

1994 में जनता दल का अध्यक्ष चुने जाने के बाद देवगौड़ा के भाग्य ने ज़ोर मारा और वह कर्नाटक के मुख्यमंत्री बन गए। यह 1996 में भी कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने थे। जब इन्हें प्रधानमंत्री पद की चुनौती प्राप्त हुई, तब इन्होंने यह अवसर दोनों हाथों से लपक लिया और मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया। इस प्रकार अटलजी के 13 दिन के कार्यकाल के पश्चात् वह प्रधानमंत्री बने।

J&K: पुलवामा एनकाउंटर में दो आतंकी ढेर

यदि भाग्य का सितारा बुलन्द होता है तो ऐसा ही होता है। देवगौड़ा मुख्यमंत्री से सीधे प्रधानमंत्री के पद पर जा पहुँचे। दरअसल 31 मई को अल्पमत में होने के कारण अटलजी ने प्रधानमंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया था। उसके अगले दिन 1 जून, 1996 को तुरत-फ़ुरत 24 दलों वाले संयुक्त मोर्चे का गठन किया गया। इसे कांग्रेस ने समर्थन देने का आश्वासन दिया। अत: देवगौड़ा को संयुक्त मोर्चे का नेता घोषित कर दिया गया।

संयुक्त मोर्चा बहुमत प्राप्त था और उसे काँग्रेस (इं) का समर्थन हासिल था। लेकिन शीघ्र ही कांग्रेस ने घोषणा कर दी कि यदि उसका समर्थन चाहिए तो उन्हें नेतृत्व में परिवर्तन करना होगा। एच. डी. देवगौड़ा कांग्रेस की नीतियों के मनोनुकूल नहीं चल रहे थे। कांग्रेस द्वारा समर्थन वापस लेने का सीधा मतलब था-संयुक्त मोर्चा सरकार का पतन। अत: काँग्रेस (इं) की शर्त स्वीकार करते हुए देवगौड़ा को अप्रैल 1997 को अपने पद से हटना पड़ा।

LIVE TV