ऋषि कपूर बोले, हां मैं भक्त हूं…

ऋषि कपूर नई दिल्ली फिल्‍म एक्‍टर ऋषि कपूर ने एक बार फिर गांधी परिवार पर निशाना साधा है। इस बार ऋषि कपूर ने कहा कि मुल्‍क में गांधी-नेहरु परिवार के अलावा भी कई ऐसे लोग रहे हैं जिन्‍होंने देश के लिए अपनी जान दी है। उन्‍होंने अपने सवाल का फिर दोहराया कि आखिर देश में जितने एसेट्स हैं उन पर सिर्फ गांधी परिवार के लोगों का नाम ही क्‍यों।

ऋषि कपूर का बयान

ऋषि कपूर ने एक टीवी कार्यक्रम में यह भी साफ कर दिया कि वह ये सब मोदी सरकार को खुश करने के लिए नहीं कर रहे। न ही वह ये सब पद्म अवार्ड या राज्‍यसभा सीट के लिए कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि उन्‍हें नेता बनने का कोई शौक नहीं है और न ही वे कांग्रेस के खिलाफ हैं। उन्‍होंने ये सवाल सिर्फ देश का एक जिम्‍मेदार नागरिक होने के नाते उठाए हैं।

ऋषि कपूर ने कहा कि वह गांधी-नेहरु परिवार की बहुत इज्ज़त करते हैं लेकिन वह इस बात के खिलाफ हैं कि देश के सारे एसेट्स उनके परिवार के नाम पर हों। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली में 64 एसेट्स ऐसे हैं जिनका नाम गांधी-नेहरु परिवार पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि कपूर परिवार कांग्रेस का हमेशा सपोर्टर रहा है लेकिन इस बात के खिलाफ है।

ऋषि कपूर से जब मोदी जी के लंदन में दिए गए भाषण के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह मोदी जी के प्रशंसक हैं लेकिन बस उस दिन का इंतज़ार कर रहे हैं जब मोदी जी अपनी कही हुई बातों को पूरा करके दिखाएंगे।

ट्विटर पर ऋषि कपूर के ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कमेंट्स आने लगे थे। यूज़र्स उन्हें मोदी भक्त कहकर ट्वीट करने लगे। इस बात पर ऋषि ने कहा कि वह भक्त ज़रूर हैं लेकिन भगवान के।

ऋषि कपूर ने मोदी जी के अलावा मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति इरानी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि स्मृति जी के भाषण बहुत इमोशनल होते हैं।

ऋषि कपूर से जब पूछा गया कि कांग्रेस की सरकार में भी उन्हें पद्म अवार्ड नहीं मिला तो इसपर उन्होंने कहा कि दिल्ली में किसी लायक को कभी अवार्ड नहीं मिलता है। अगर आपको अवार्ड चाहिए तो दिल्ली में अच्छे कनेक्शन होने बहुत ज़रूरी हैं। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें इस बात से दुख है कि शम्मी कपूर को पद्म अवार्ड से सम्मानित नहीं किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

LIVE TV