उत्तर प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं, चुनौती का सामना करना होगा

उत्तर प्रदेशहाथरस। यदि हम किसी भी चुनौती का सामना एकता से करेंगे तो निश्चित रुप से कामयाब होंगे। आज हमारे सामने सुरक्षा एक बड़ी चुनौती है। उत्तर प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। चहुंओर अपराधों की बाढ़ आई हुई है। जहां तक सवाल है महिलाओं की सुरक्षा का तो वे बिलकुल सुरक्षित नहीं हैं। इस चुनौती का सामना हमें एकजुट होकर हौसले के साथ करना होगा। तभी हम एक अखंड भारत का निर्माण कर सकेंगे।

यह बातें गांव नगला पतुआ में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा सांसद वरुण गांधी ने कही। उन्होंने द्वेषपूर्ण राजनीति करने वाले लोगों को निशाना बनाते हुए कहा कि आज हिंदुस्तान में दो किस्म जीवन यापन कर रहे हैं। एक तो विजय माल्या जो करोडों रुपये का कर्ज लेकर फरार हो गया, और विदेश में जाकर रहने लगा। दूसरे वह लोग जो अपने परिवार का भरण पोषण भी ठीक प्रकार से नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में 14 प्रतिशत लोगों के पास 84 प्रतिशत जमीन है। फिर भी देश की आर्थिक स्थिति देखने लायक है। उन्होंने कहा कि किसान की फसल नष्ट होने पर वह आत्महत्या कर लेता है। इसका जिम्मेदार कौन है। देश से गरीबी को हटाने के लिए खून पसीने की जंग लड़नी होगी तभी एक नए भारत का निर्माण हो सकेगा। अब तक की सरकारें अपने परिवार और अपने ही लोगों का भला करती आई हैं। यदि आपसे कोई वोट मांगने आता है तो उसे वोट दो मगर अपना जमीर बेचकर नहीं वोट के बदले में सामाजिक कार्य कराओ। तभी देश तरक्की कर सकता है। अंत में उन्होंने गांव निनामई की पुष्पा देवी को पति की मौत के बाद आर्थिक सहायता के रुप में एक लाख रुपये का चोक दिया।

वरुण गांधी का काफिला जैसे ही गांव नगला पतुआ के जंगलों में लगाए पंडाल में पहुंचा तो सभी वरुण गांधी की झलक पाने को लालायत देखे गये। वरुण गांधी ने मंच पर पहुंचने को बाद सभी का अभिवादन स्वीकार कर हाथ जोड़कर सिर झुकाते हुए आशीर्वाद और स्नेह प्राप्त किया।

वरुण गांधी के मंच पर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों तथा मंचासीन अतिथियों ने वरुण गांधी को इक्यावन किलो फूलों से बनी माला पहनाकर उनका जोशीला स्वागत किया। साथ ही गदाधारी हनुमान जी की प्रतिमा भेंट की।

वरुण गांधी का काफिला जैसे ही पंडाल में आया तो उनके चहेतों की नजदीक जाने की होड़ सी लग गई। जिससे पंडाल में रखे स्पीकर बॉक्स गिर गये। जिसके नीचे दबकर घायल होने से कई बच्चे बच गये।

वरुण गांधी के मंच पर पहुंचने के बाद एक कार्यकत्री वरुण गांधी तक जाना चाहती थी। मगर उसे महिला कांस्टेबिल ने जाने से मना कर दिया तो वह महिला कांस्टेबिल से भिड़ गई। दोनों में काफी देर तक वाकयुद्ध हुआ। मगर बाद में लोगों के समझाने पर महिला कांस्टेबिल और कार्यकत्री शांत हुईं। मगर वह वरुण तक नहीं पहुंच सकी।

जपा सांसद वरुण गांधी के कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद मौजूद नहीं रहे। इसकी चर्चा कार्यकर्ताओं ओर मंचासीन लोगों में होती रही। क्या कारण था कि केन्द्र से आए सांसद  के कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद मौजूद नहीं रहे। इस बात की चर्चा वरुण गांधी को सुनने आई जनता की जुबान पर भी देखी गई।

LIVE TV