गृह मंत्रालय के अंडर सेक्रेटरी को सीबीआई ने किया गिरफ्तार

आनंद जोशीनई दिल्ली। तीस्ता सीतलवाड़ के साथ जांच के दायरे चल रहे गृह मंत्रालय के अंडर सेक्रेटरी आनंद जोशी को आज सी‍बीआई ने करप्‍शन के मामले में गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने जोशी को पूछताछ के लिए तलब किया था लेकिन इसके बावजूद जोशी फरार हो गए थे। इसके बाद से उनकी तलाश करते हुए लोकेशन ट्रेस कर सीबीआई ने उन्‍हें हिरासत में ले लिया।

आनंद जोशी गिरफ्तार

आनंद जोशी गुजरात की गुलबर्ग सोसायटी में म्यूजियम बनाने के नाम पर इकट्ठा की गई राशि में कथित हेराफेरी मामले में आरोपी सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ के साथ जांच के दायरे में हैं। आनंद जोशी के खिलाफ मंत्रालय से जुड़ी महत्वपूर्ण फाइलों को गायब करने का आरोप है। बुधवार को उन्हें सीबीआई के सवालों का सामना करना था। आनंद जोशी पर तीस्ता सीतलवाड़ के एनजीओ सबरंग के विदेशी चंदों से जुड़ी फाइलों को गायब करने का इल्जाम लगा है।

गायब होने से पहले जोशी ने अपनी पत्नी मीनाक्षी को एक चिट्ठी लिखी थी। इसमें उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों से वह काफी मानसिक तनाव से गुज़र रहे हैं, लेकिन अब पानी सिर के ऊपर से गुजर गया है। वह शांति चाहते हैं इसलिए घर छोड़कर जा रहे हैं। वह पूरी शिद्दत से देश सेवा कर रहे थे। उनहें पता नहीं था कि उनके साथ ऐसा होगा। उन्‍होंने शायद बड़े-बड़े दुश्मन बना लिए हैं। उन्‍हें खोजने की कोशिश न करना और बच्चों का ख़याल रखना।