आतंकियों से लोहा लेने वाले गोरखा रेजिमेंट के शहीद जवानों को नम आंखो से दी विदाई

आतंकवादियोंशिमला। जम्मू एवं कश्मीर में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हुए नेपाली मूल के तीन भारतीय जवानों की अत्येष्टि बुधवार को हिमाचल प्रदेश के एक सैन्य छावनी में की गई। अधिकारियों ने बताया कि हवलदार गिरीश गुरंग और दंबर बहादुर तथा राइफलमैन रबीन शर्मा के परिजन सोलन जिले के सुबथू में 14 गोरखा प्रशिक्षण केंद्र पहुंचे, जहां शहीदों का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सेना के जवान कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के नौगाम सेक्टर में हुई मुठभेड़ में शहीद हो गए थे।

14 गोरखा प्रशिक्षण केन्द्र के जवान 21 मई को आतंकियों से लड़ते हुए शहीद हुए थे। नियंत्रण रेखा पर दो दिन तक चले सैन्य अभियान में चार आतंकवादी भी मारे गए थे।

अत्येष्टि में सामाजिक न्याय और सशक्तीकरण मंत्री धनी राम शांडिल्य और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद वीरेंद्र कश्यप भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने सैनिकों की शहादत पर दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों का महान बलिदान देश याद रखेगा।

LIVE TV