यूपी चुनाव : आजमगढ़ में सरकार होगी कठघरे में

आजमगढ़आजमगढ़| एक तरफ आजमगढ़ में हुए बवाल ने उत्तर प्रदेश में सपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाये हैं। वहीं, दूसरी तरफ चुनाव के माहौल में सभी राजनैतिक पार्टियों को बड़ा मुद्दा मिल गया है| इन घटना के बाद सभी राजनैतिक दलों ने अपनी-अपनी चुनावी रोटियां सेंकनी शुरू कर दी हैं|

आजमगढ़ डालेगा असर

पहले भी मुजफ्फरनगर में हुए दंगों की वजह से समाजवादी पार्टी की काफी किरकिरी हो चुकी है। वहीं इस घटना के बाद सपा सरकार के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में मुश्किलें बढ़ सकती हैं| प्रदेश में बीजेपी पहले से ही मुस्लिमों को लुभाने में लगी थी। अब आजमगढ़ बीजेपी के लिए टॉनिक बन सकता है।

यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में इंटरनेट बैन, अब भाजपा अध्यक्ष करेंगे एंट्री

मुलायम सिंह के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में बीजेपी के नेताओं का जाना भी इसी का हिस्सा था| सपा ने इन नेताओं को वहां जाने से रोक कर ये जता दिया कि चुनावी माहौल में समाजवादी पार्टी कोई भी नया बखेड़ा नहीं चाहती| लेकिन यही बात सपा के लिए अब आफत बन गयी|

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने इस मुद्दे पर नया दांव खेल दिया| उन्होनें कहा कि सपा सांप्रदायिक तनाव से प्रभावित इस जिले में कुछ छिपाना चाहती है। वो जल्द ही आजमगढ़ जायेंगे और सपा के कारनामों का खुलासा करेंगे|

वहीँ विधानसभा चुनाव में उतरने को बेकरार ओवैसी की एआईएमआईएम, सपा के लिए नयी मुसीबत बन कर उभर रही है| पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली महुली ने बाकायदा दंगों को रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया है, जिसमें सपा सरकार पर 637 दंगे कराने का आरोप लगाया है।

आजमगढ़ में दलित बस्ती को जलाया गया है| इसलिए मायावती भी यहां अपनी जमीन खोजेंगी| सपा के लिए दलितों का वोट पहले से ही बड़ी परेशानी रहा है| हालांकि इस बार विकास कार्य के नाम पर सपा को विश्वास था कि दलित वोट भी पार्टी को मिलेगा। लेकिन आजमगढ़ की घटना के बाद सपा के इस मंसूबे पर भी पानी फिरता दिखाई दे रहा है|

कुल मिला कर आजमगढ़ के बहाने ही सही, विपक्षी पार्टियों को प्रदेश में चुनावी महासमर से पहले सपा और मुलायम सिंह यादव के खिलाफ एक बड़ा मुद्दा मिल गया है| जिसका फायदा लेने में सभी विपक्षी दल जोर शोर से जुट गये हैं| अब ये देखना दिलचस्प होगा कि आजमगढ़ के इस कांड से हुई फजीहत से सपा को कितना नुकसान होता है और पार्टी इससे बाहर कैसे निकलती है|

LIVE TV