अवकाश न मिलने से नाराज सिपाही ने की अंधाधुंध फायरिंग, दो की मौत

बुलंदशहर। तमाम सनसनीखेज वारदातों के कारण सुर्खियां बटोर रहा बुलंदशहर सोमवार को एक बार फिर दहल गया। रात सवा नौ बजे रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में सिपाही ने सरकारी रायफल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली की जद में आए एक सिपाही की मौत हो गई। दो एचसीपी की हालत गंभीर है। हमलावर सिपाही ने खुद को भी गोली मार ली। बाद में उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों घायलों को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन के बाद उनकी हालत पहले से ठीक बताई जा रही है।

सिपाही

सिपाही सौरभ त्यागी निवासी कुतुबपुर थाना छपार जिला मुजफ्फरनगर की पुलिस लाइन क्वार्टर गार्ड में ड्यूटी थी। सोमवार की रात करीब सवा नौ बजे पास में ही गणना आफिस के बाहर सिपाही मनोज यादव निवासी गांव सुल्तानपुर, एटा, मनवीर निवासी जलालपुर, अलीगढ़ और चंद्रपाल निवासी बागपत (दोनों एचसीपी) खड़े होकर बातें कर रहे थे। सौरभ ने सरकारी रायफल से तीनों को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। मनोज को कईं गोलियां लगी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मनवीर और चंद्रपाल भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य पुलिसकर्मी हमलावर सौरभ को पकड़ने के लिए दौड़े तो वह फायरिंग करता हुआ पुलिस लाइन के मैदान में पहुंच गया। पुलिसकर्मियों ने उसे घेर लिया। हमलावर सिपाही पुलिसकर्मियों को पीछे हटने की चेतावनी देते हुए फायरिंग करता रहा। करीब पांच मिनट की गहमागहमी के बाद सौरभ ने खुद को भी गोली मार ली। गोली सिर में लगने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उधर, घायल मनवीर और चंद्रपाल को मेरठ रेफर कर दिया गया। रात साढ़े ग्यारह बजे आइजी सुजीत पांडेय ने भी मौका मुआयना किया

हमलावर सिपाही सौरभ त्यागी पांच दिन पहले आजमगढ़ से प्रशिक्षण लेकर लौटा था। फिलहाल उसकी क्वार्टर गार्ड में ड्यूटी लगा दी गई थी। बताया जाता है कि अवकाश न मिलने से मानसिक अवसाद की स्थिति में था। माना जा रहा है कि इसी अवसाद में उसने यह आत्मघाती कदम उठा दिया। एसएसपी अनीस अंसारी का कहना है कि घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। जांच की जा रही है।

LIVE TV