
न्यूयॉर्क। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हिलेरी और ट्रंप के बीच जुबानी जंग जारी है।
इस बार रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रतिद्वंदी हिलेरी क्लिंटन को ईरानी वैज्ञानिक की हत्या का जिम्मेदार ठहराया है।
हिलेरी और ट्रंप के बीच ईरानी वैज्ञानिक की हत्या का मुद्दा
ट्रंप ने ईरानी परमाणु वैज्ञानिक शाहराम अमीरी की हत्या को लेकर हिलेरी को इसका जिम्मेदार बताया है।
सोमवार की रात ट्रंप ने ट्वीट कर कहा कि कई लोगों का कहना है कि हिलेरी के ई-मेल हैक होने के कारण अमेरिका की मदद करने वाले वैज्ञानिक की ईरान हत्या कर पाया।
बता दें कि सीआइए को देश के परमाणु कार्यक्रम की जानकारी देने के आरोप में ईरान ने परमाणु वैज्ञानिक अमीरी को कुछ दिन पहले फांसी पर लटका दिया गया था।
वह जून 2009 में हज करने मक्का गए और वहीं से लापता हो गए।
जुलाई 2010 में तेहरान लौटने के एक साल बाद मई 2011 में उसे देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
उस समय हिलेरी अमेरिकी विदेश मंत्री थीं। वे सरकारी कामकाज के लिए निजी ई-मेल अकाउंट का इस्तेमाल करती थीं।
ट्रंप के अनुसार कथित तौर से इसके के चलते अमीरी के बारे में ईरान को पता चला।
हालांकि पिछले दिनों निजी ई-मेल अकाउंट मामले में हिलेरी को क्लीनचिट देते हुए एफबीआइ ने कहा था कि हिलेरी का निजी सर्वर हैक होने के कोई प्रमाण नहीं हैं।