नई दिल्ली। थल सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह ने शुक्रवार को एक बार फिर कश्मीर का दौरा किया। माना जा रहा है कि कश्मीर में सेना अपने सिक्योरिटी-ग्रीड में बदलाव कर और अधिक सैनिकों की तैनाती बढ़ाने पर विचार कर रही है। जनरल दलबीर सिंह का यह दौरा कश्मीर के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
सेना प्रमुख का दौरा
थलसेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह ने दो दिन पहले ही गृहमंत्री राजनाथ सिंह से राजधानी दिल्ली में मुलाकात की थी। इस मुलाकात में कश्मीर के हालात को काबू करने पर जोर दिया गया था। इसके बाद जनरल दलबीर सिंह शुक्रवार सुबह श्रीनगर पहुंचे।
दलबीर सिंह ने राज्यपाल और सेना की उत्तरी कमान के मुखिया और श्रीनगर स्थित 15वीं कोर के जीओसी से मुलाकात की। श्रीनगर के बाद थलसेनाध्यक्ष कश्मीर में काउंटर-इमरर्जेंसी में तैनात राष्ट्रीय राइफल्स की किलो-फोर्स मुख्यालय पहुंचे।
सेना प्रमुख ने राष्ट्रीय राईफल्स के अधिकारियों को आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए। इसके बाद वे कुपवाड़ा स्थित सेना की फॉरवर्ड पोस्ट पर भी गए। एलओसी पर तैनात जवानों और अधिकारियों को सेना प्रमुख ने घुसपैठ रोकने के आदेश दिए।
माना जा रहा है कि कश्मीर में सेना अपनी सिक्योरिटी-ग्रिड में बदलाव लाने वाली है। ये बदलाव खासतौर से दक्षिण कश्मीर के इलाकों में की जायेगी। अनंतनाग, त्राल और शोपियां इसी इलाके का हिस्सा हैं।
बुरहान वानी का एनकाउंटर अनंतनाग में किया गया था। उसके एनकाउंटर के बाद सबसे ज्यादा खराब हालात इसी दक्षिण कश्मीर वाले इलाके में चल रहे हैं। साथ ही अतिरिक्त सैनिकों को कश्मीर भेजा जा रहा है। इन सैनिकों को सीमा पर आतंकियों की घुसपैठ रोकने के लिए किया गया है।