
नई दिल्ली| सीमा पर भारतीय फौज ने मंगलवार को पाकिस्तान की ओर से हो रही गोलीबारी का माकूल जवाब देते हुए 14 चौकियां उड़ा दी हैं जिसमें दर्जनों पाक सैनिक मारे गये हैं| हालाँकि अभी तक मरने वालों का सही आंकड़ा पता नहीं चल पाया है| भारतीय सेना की तरफ से हुई भारी फायरिंग से पाक सेना को काफी नुकसान हुआ है|
भारतीय सेना ने सांबा, राजौरी, अरनिया, नौशेरा में अब भी मोर्चा संभाल रखा है| इन सेक्टर्स में पाकिस्तानी सेना लगातार फायरिंग कर रही है| इसका जवाब देते हुए भारतीय सेना ने 14 पाकिस्तानी चौकियां उड़ा दीं|
पिछले दिनों, पाकिस्तानी सेना की भारी गोलीबारी में दो बच्चों और चार महिलाओं समेत कुल आठ भारतीय लोगों की मौत हो गई थी| पाकिस्तान की इस फायरिंग पर बीएसएफ ने करारा जवाब देने की बात कही थी। इसके बाद बीएसएफ ने पड़ोसी देश के अहम ठिकानों पर हमला बोला और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जवाबी कार्रवाई की|
उधर, पाकिस्तान ने भारत की तरफ से गोलीबारी में एक महिला समेत 4 लोगों के मारे जाने का दावा किया है जबकि छह अन्य घायल हुए हैं|