शाही अंदाज में हुई अजय गुप्ता के बेटे की शादी, औली को दुल्हन की तरह सजाया गया..
औली में दुल्हन की तरह सजाए गए क्लिप टॉप क्लब में सुबह सात बजे से ही अजय गुप्ता के बेटे सूर्यकांत की शादी की चहल-पहल शुरू हो गई थी। गुप्ता बंधुओं और नाते-रिश्तेदार सिर पर पगड़ी और आकर्षक शेरवानी में नजर आ रहे थे।
शादी को यादगार बनाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी गई। सुबह ठीक साढ़े नौ बजे गाजे बाजे के साथ दूल्हा सूर्यकांत सफेद घोड़े पर सवार होकर करीब सौ मीटर की दूरी पर स्थित शादी मंडप में पहुंचे।
दुल्हन कृतिका ने गुलाबी रंग का लहंगा पहना हुआ था। लहंगे पर सिल्वर और गोल्डन दोनों तरह का वर्क था। वहीं सूर्यकांत ने फिरोजी और गोल्डन रंग की शेरवानी पहनी हुई थी। साथ में करीब तीन सौ मेहमान भी शादी समारोह स्थल में पहुंचे।
यहां तीन घेरे में कुर्सियां लगाई गई थीं। सबसे पहले घेरे में गुप्ता बंधुओं का परिवार, दूसरे घेरे में परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि सरस्वती, पतंजलि योगपीठ के महामंत्री बालकृष्ण, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के साथ ही गुप्ता बंधुओं के परिजन बैठे थे।
मेरठ में भी कई जगह योग शिविर लगाकर मनाया गया अंतराष्ट्रीय योग दिवस
तीसरे घेरे में गुप्ता बंधुओं के करीबी लोग बैठे थे। समारोह स्थल के इर्द-गिर्द बारह स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें स्थानीय और बाहर से पहुंचे मेहमान विराजमान थे। ठीक साढ़े दस बजे कर्क लग्न में वेद मंत्रोच्चारण के साथ मंडप में शादी की रस्में शुरू हुई।
दोपहर में बारह बजकर बीस मिनट पर दुल्हन कृतिका सिंघल अपने पिता दिल्ली के मशहूर हीरा व्यापारी सुरेश सिंघल और परिजनों के साथ शादी मंडप में पहुंची। करीब सवा दो घंटे में विवाह की रस्में पूरी हुई।
वैदिक मंत्रों की मनमोहक ध्वनि के साथ आचार्य पंडित गौरव शास्त्री, प्रभाकर शर्मा, नवीन शर्मा और प्रियांशु सती के साथ 101 ब्राह्मणों ने शादी संपन्न कराई। दोपहर डेढ़ बजे शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि सरस्वती और पतंजलि योगपीठ के महामंत्री बालकृष्ण दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने के लिए शादी मंडप में पहुंचे।
कासगंज के श्री गणेश इंटर कॉलेज में किया गया अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर योग शिविर का आयोजन
उन्होंने दूल्हा-दुल्हन को औषधीय पौधा और रुद्राक्ष की माला भेंट की। दुल्हन की विदाई का समय आया तो गुप्ता बंधुओं और सिंघल परिवार ने एक दूसरे से विदाई ली। कृतिका की बहन अनन्या अपनी बहिन से लिपटकर रो पड़ी। पौने दो बजे दूल्हा और दुल्हन विशेष वाहन से क्लिप टॉप क्लब पहुंचे।
औली में गुप्ता बंधुओं के बेटों की शादी में शामिल होने के लिए हस्तियों की आवाजाही जारी है। बृहस्पतिवार को फिल्म अभिनेत्री कटरीना कैफ भी देर शाम को औली पहुंचीं। जबकि टीवी कलाकार सुरभि ज्योति, गायक बादशाह और अभिजीत बृहस्पतिवार को शादी समारोह में मौजूद रहे।