लखनऊ में धार्मिक दंगा भड़काने की कोशिश नाकाम

लखनऊलखनऊ । उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर में विनीतखंड दो स्थित एक पार्क में धार्मिक आयोजन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद गंभीर रूप लेता जा रहा है। मंगलवार को यहां एक पक्ष की ओर से धार्मिक आयोजन को रुकवाने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में पुलिस-पीएसी तैनात थी। गलियों तक में बैरीकेडिंग की गई थी। इसके बावजूद पुलिस-प्रशासन की चूक के चलते शाम करीब सवा सात बजे एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए। धार्मिक आयोजन करने की मांग पर अड़े एक पक्ष के लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति को संभाला।

पथराव-मारपीट में एसीएम चतुर्थ संजय पांडेय, सीओ मोहनलालगंज आलोक जायसवाल, सीओ गोमतीनगर सत्यसेन यादव सहित कई पुलिसकर्मी चोटिल हुए। जबकि पुलिस के लाठीचार्ज में कई लोग घायल हो गए। तनाव बढऩे पर डीआइजी आरकेएस राठौर, डीएम राजशेखर, एसएसपी मंजिल सैनी व कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की गलियों में गश्त शुरू की। इस दौरान मारपीट-पथराव करने वाले कई लोगों को चिन्हित कर उनके घरों से निकालकर पकड़ा गया। एहतियात पूरे क्षेत्र में पुलिस-पीएसी व अद्र्धसैनिक बल के जवानों को तैनात कर दिया गया है। डीएम के मुताबिक स्थानीय लोग कोई विवाद नहीं चाहते हैं। बगल के गांव से कुछ बाहरी तत्वों ने आकर पथराव किया, जिससे माहौल बिगड़ा। धार्मिक आयोजन को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों के बीच पूर्व में समझौता हो गया था। बुधवार को फिर पीस कमेटी की बैठक कराई जाएगी।

वहीं एसएसपी मंजिल सैनी के मुताबिक पुलिस ने एक महिला सहित 11 लोगों को हिरासत में लिया है। पथराव करने वालों को चिन्हित कर उनकी धरपकड़ की जा रही है। ध्यान रहे, विनीतखंड दो में करीब एक माह से दो पक्षों के बीच पार्क में धार्मिक आयोजन करने को लेकर लगातार तनाव बना हुआ है। रविवार को भी दोनों पक्ष टकरा गए थे और पथराव हुआ था। पूरे मामले में स्थानीय पुलिस पर एक पक्षीय कार्रवाई का भी आरोप लग रहा है। पुलिस की पिटाई से सचिवालयकर्मी बांकेश्याम त्रिपाठी व छात्र रवींद्र सिंह रावत सहित कई लोग चोटिल हुए हैं। देर रात तक पूरे क्षेत्र में पुलिस-पीएसी के जवान गश्त कर रहे थे।

LIVE TV