‘यूपी में अबकी बार बनेगी समधी की सरकार’

यूपी में अबकी बारमथुरा| उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में तीर्थाटन करने पहुंचे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने शनिवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल की किसान यात्रा को ‘जोकरी’ करार देते हुए कहा कि वह वोट के लालच में राम की शरण में पहुंच गए। यूपी में अबकी बार सिर्फ समधी की सरकार ही बनेगी|

राहुल शुक्रवार को अयोध्या गए थे। राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष ने मथुरा में श्रीकृष्ण के मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को बहुत बड़ा जोकर बताया।

लालू ने कहा, “राहुल गांधी भले ही किसान यात्रा के नाम पर उत्तर प्रदेश के हर जिले का दौरा करने के साथ जगह-जगह पर जोकरी कर रहे हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार एक बार फिर बनेगी।”

उन्होंने कहा कि जनता अब राहुल गांधी की जोकरी में फंसने वाली नहीं है। राहुल तो अयोध्या में हनुमान की शरण में चले गए। वह तो वोट की खातिर राम की शरण में चले गए।

लालू प्रसाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से समाजवादी पार्टी यानी उनके समधी की पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव स्मार्ट फोन बांट रह हैं तो क्या गलत कर रहे हैं। वह जनता का माल जनता को दे रहे हैं।

यह बात छेड़ने पर कि आम आदमी पार्टी के नेता तो अन्ना हजारे का दिल तोड़ रहे हैं, लालू प्रसाद ने कहा कि इस पार्टी की दिल्ली में सरकार भले ही बन गई है, लेकिन इसके मंत्री तो रासलीला की मंडी में विकास का काम कर रहे हैं। आप के मंत्रियों के कारनामों से अन्ना का भी मोह भंग हो गया है।

LIVE TV